Bihar

मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित 18 जिलों के 3.21 लाख परिवारों के खाते में 225 करोड़ रुपये का किया अंतरण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाढ़ राहत परिवार के खाते में राशि का अंतरण करते

पटना, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राज्य के 18 जिलों में द्वितीय चरण में आई बाढ़ से प्रभावित 3.21 लाख परिवारों को डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खाते में सात हजार रुपये प्रति परिवार की दर से 225.25 करोड़ रुपये की राहत राशि का अंतरण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार कृतसंकल्पित है।

नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार में आने के बाद से आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए हम लोग लगातार तत्पर रहते हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की जो फसल क्षति हुई है, उसकी राशि दीपावली के पूर्व अवश्य उपलब्ध करा दें। किसानों को सभी प्रकार की सुविधायें देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। बाढ़ के दौरान जिन किसानों की फसल क्षतिग्रस्त हुई है, उसमें कोई छूटे नहीं, सभी प्रभावित परिवारों को राशि अवश्य मिल जाए। कृषि विभाग इसके लिए तेजी से काम करे।

मौके पर आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त सचिव साहिला ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी कि द्वितीय चरण में बिहार के 18 जिले प्रभावित हुए हैं। बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ बाढ़ आपदा प्रबंधन मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप सभी कार्रवाई की गयी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।

समीक्षा के दौरान कृषि विभाग के विशेष सचिव वीरेन्द्र प्रसाद यादव ने बताया कि प्रथम चरण में आई बाढ़ से 16 जिले का कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है। दूसरे चरण में आई बाढ़ के कारण 16 जिलों का कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिससे किसानों की फसल क्षतिग्रस्त हुई है। प्रथम चरण के लिए फसल क्षति के रूप में 229 करोड़ तथा द्वितीय चरण के लिए 261 करोड़ रुपये का आकलन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए फसल क्षति की 229 करोड़ रुपये की राशि विभाग को प्राप्त हो गयी है।

—————

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Most Popular

To Top