Uttrakhand

न्यायमूर्ति मनोज तिवारी दूसरी बार बने उत्तराखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश

नैनीताल हाईकोर्ट।

नैनीताल, 09 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को दूसरी बार हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 11 अक्टूबर से प्रभावी होगा, क्योंकि वर्तमान मुख्य न्यायाधीश रितु बाहरी 10 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रही हैं। न्यायमूर्ति तिवारी इससे पहले भी कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं, जब न्यायमूर्ति विपिन सांघी की सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने यह पद संभाला था।

न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी का जन्म 19 सितंबर 1965 को पिथौरागढ़ में हुआ। उनके पिता एनबी तिवारी एक प्रतिष्ठित वरिष्ठ वकील थे। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय पिथौरागढ़ से 10वीं तक की पढ़ाई की और स्नातक और परास्नातक की शिक्षा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पिथौरागढ़ से प्राप्त की। 1990 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की और उसी वर्ष बार काउंसिल ऑफ यूपी इलाहाबाद में पंजीकृत होकर उच्च न्यायालय इलाहाबाद में वकालत शुरू की।

वर्ष 2000 में उत्तराखंड उच्च न्यायालय बनने पर नैनीताल स्थानांतरित हो गए और उत्तराखंड उच्च न्यायालय में वकालत करने लगे। 2008 में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन नैनीताल के अध्यक्ष बने। 20 मई 2009 को उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया। उन्होंने विभिन्न मामलों में राज्य सरकार की ओर से विशेष वकील के रूप में पैरवी की। 19 मई 2017 को उन्हें उत्तराखंड उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायमूर्ति के रूप में पदोन्नत किया गया था।

(Udaipur Kiran) / लता

Most Popular

To Top