Haryana

यमुनानगर: भाजपा की जनहितकारी नीतियोंं की है जीत: घनश्याम दास अरोड़ा

जश्न मनाते विधायक घनश्याम दास अरोड़ा

— जिले की चार विधानसभाओं सीटों में से दो भाजपा और दो कांग्रेस जीती

यमुनानगर, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर जिला यमुनानगर की चारों विधानसभा की सीटों की मतगणना का कार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर किया गया। जगाधरी, यमुनानगर, रादौर व सढौरा के मतगणना केंद्रो में कड़ी सुरक्षा की गई थी।

भाजपा ने प्रदेश में बहुमत से अपनी जीत दर्ज कर ऐतिहासिक हैट्रिक लगाकर एक नया इतिहास रच दिया। वहीं जिला यमुनानगर की चार विधानसभाओं में से दो-दो सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।

मंगलवार को हुई विधानसभा चुनाव की मतगणना के अनुसार यमुनानगर विधानसभा सीट पर भाजपा के घनश्याम दास अरोड़ा को 72 हजार 967 वोट मिले और कांग्रेस के रमन प्रकाश त्यागी को 50 हजार 455 वोट मिले और घनश्याम दास अरोड़ा 22 हजार 512 वोटों से जीते। रादौर विधानसभा की सीट पर भाजपा के श्याम सिंह राणा को 73 हजार 117 वोट मिले, डॉ बिशनलाल सैनी को 59 हजार 868 वोट मिले और श्यामसिंह राणा 13 हजार 249 वोट से जीते। इसी तरह से जगाधरी विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी अकरम खान को 67094 वोट मिले और भाजपा के कंवरपाल को 60313 वोट मिले। वहां से कांग्रेस के अकरम खान 6781 वोट से जीते।

इसी प्रकार से सढौरा की सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी रेनू बाला को 57248 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी बलवंत सिंह को 55 हजार 608 वोट मिले। यहां से कांग्रेस की रेनू बाला 1640 वोट जीती। जीत के बाद यमुनानगर के भाजपा कार्यालय पर जश्न में कार्यकर्ता डोल की थाप पर जमकर नाचे और शहर में जुलूस निकालकर यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने शहर वासियों का धन्यवाद किया।

भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व और भाजपा की जनहित नीतियों की जीत है। जिसके चलते जनता ने भाजपा पर अपना विश्वास जताया है और तीसरी बार प्रदेश में मुझे यमुनानगर से विधायक बनाया है। अब जनहित में चल रहे विकास कार्यों को और तेजी से पूरा किया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग

Most Popular

To Top