Madhya Pradesh

मप्रः मैहर के गौरव दिवस पर सामूहिक राष्ट्रगान में बना रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में मैहर का नाम हुआ दर्ज

एशिया बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड की एक प्रति प्राप्त करते हुए कलेक्टररानी बाटड
गौरव दिवस पर संपन्न हुई विविध खेल प्रतियोगिताएं
गौरव दिवस पर मां शारदा के चरणों में चढाई 2 कि.मी. लम्बी चूनर

मैहर, 5 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मैहर जिले के गौरव दिवस पर शनिवार को उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम मैहर में 10 हजार से अधिक नागरिकों ने राष्ट्रगान की धुन पर सामूहिक राष्ट्रगान कर रिकॉर्ड बनाया। इस अवसर पर जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोनी, कलेक्टर रानी बाटड, पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल, जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, भारत विकास परिषद के संजय गुप्ता सहित मैहर जिले के नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इसी प्रकार राष्ट्रगान के बाद मां शारदा देवी की सामूहिक महाआरती की प्रस्तुति मंच से की गई।

मैहर जिले के गौरव दिवस पर भारत विकास परिषद के सहयोग से 34 विद्यालयों के बच्चों एवं मैहर के स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रगान की धुन के बीच सामूहिक राष्ट्रगान का गायन किया। स्टेडियम ग्राउंड में 10 हजार से अधिक संख्या में छात्र-छात्राओं और मैहर जिले के नागरिकों द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान के गायन पर मैहर जिले का नाम एशिया बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया।

कार्यक्रम में मौजूद एशिया बुक आफ रिकार्ड के प्रतिनिधियों ने उपलब्धि के प्रमाणित होने के पश्चात मेडल और प्रमाण पत्र कलेक्टर मैहर को सौपे। प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने गौरव दिवस के मंच से मां शारदा देवी की सामूहिक आरती में हिस्सा लिया और सामूहिक राष्ट्रगान और गौरव दिवस के विभिन्न आयोजनों में हिस्सा निभाने वाले प्रतिभागियों तथा मैहर जिला वासियों को प्रथम गौरव दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। इसके बाद प्रभारी मंत्री दमोह जिले के सिंग्रामपुर में आयोजित कैबिनेट की बैठक में भाग लेने मैहर से रवाना हुई।

गौरव दिवस पर संपन्न हुई विविध खेल प्रतियोगिताएं

मैहर जिले के गौरव दिवस के अवसर पर खेल मैदान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं सरस्वती स्कूल परिसर में चित्रकला, पेंटिंग एवं कलात्मक वस्तुओं की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में स्कूली बच्चों, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भागीदारी की। छात्र-छात्राओं द्वारा की जा रही रंगोली, चित्रकला, पेंटिंग, अटाला आर्ट एवं अनुपयोगी वस्तुयो से बनी कलात्मक प्रदर्शनी का कलेक्टर ने अवलोकन किया और छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। गौरव दिवस के अवसर पर मैहर खेल ग्राउंड में विभिन्न खेलों में खोखो, कबड्डी, रस्साकसी, बालीबाल, रंगोली, पेंटिंग, मेंहदी, अटाला आर्ट एवं सामान्य ज्ञान की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मैहर जिले के गौरव दिवस पर प्रतियोगिताओं में रस्साकसी में जनप्रतिनिधि और डॉक्टर के बीच प्रतिस्पर्धा की गई। जिसमें दो मैच में जनप्रतिनिधि की जीत हुई।

गौरव दिवस पर मां शारदा के चरणों में चढाई 2 कि.मी. लम्बी चूनर

नवरात्रि के शुभ अवसर और मैहर जिले की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शनिवार आयोजित मैहर जिले के प्रथम गौरव दिवस की पहली गतिविधि की शुरूआत मां शारदा देवी के चरणों में 2 किमी लम्बी लाल चूनर चढाकर की गई। मैहर के घन्टाघर चौक से 5 किमी देवी जी मार्ग पर श्रृद्धा और भक्तिभाव से चूनर यात्रा निकाली गई। शंख ध्वनि और वेद मंत्रों के बीच घंटाघर से देवी मंदिर की डयोढी तक लाल परिधानों में महिलायें और श्वेत पीत वस्त्रों को धारण कर पुरूष नागरिकों ने चूनर यात्रा का शुभारंभ किया। चूनर यात्रा में शामिल मैहर जिले वासियों का सडक के दोनों ओर खडे मैहर के स्थानीय निवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

रामनगर, अमरपाटन, मैहर तहसील के दूर-दराज क्षेत्रों से आई स्व-सहायता समूह की दीदीओं ने भजन-कीर्तन करते हुए अपनी सहभागिता दी। देवी जी मार्ग पर 2000 मीटर लम्बाई की लाल चूनर की 5 किमी की यात्रा में लगभग 5 हजार महिलाओं ने अपनी हिस्सेदारी की। घन्टाघर चौक से विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोनी, जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, कलेक्टर रानी बाटड, पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम विकास सिंह सहित सभी जिला, विकासखण्ड के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि, नगरीय निकायों के प्रतिनिधि, स्वयं सेवी संस्थाओं, समाज सेवियों सहित सभी वर्ग के नागरिकों ने चूनर यात्रा में मां शारदा देवी मंदिर की डयोढी तक अपनी सहभागिता दी। मैहर और डिंडोरी के आदिवासी कला नर्तकों ने चूनर यात्रा के साथ शैला नृत्य की प्रस्तुतियां दी। चूनर यात्रा का समापन मां शारदा देवी मंदिर की प्रथम डयोढी की सीढियों पर हुआ।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top