Madhya Pradesh

ग्वालियर: दिन के साथ रात में भी बढ़ी गर्मी, न्यूनतम पारा पहुंचा 27.4 डिग्री पर

ग्वालियर, 03 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । ग्वालियर में माह अक्टूबर में अमूमन दिन गर्म तो रात ठंडी होने लगती है लेकिन इस बार दिन के साथ रात में भी गर्मी बढ़ रही है क्योंकि अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है। इसके पीछे हवा में घटती नमी को बड़ा कारण माना जा रहा है।

ग्वालियर सहित आसपास के जिलों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी हो चुकी है। फिलहाल यहां के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। इसलिए मौसम पूरी तरह शुष्क है। दिन में काफी तेज धूप निकल रही है जबकि हवाओं की गति मंद है। इसके चलते बुधवार की तरह गुरुवार को भी अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 1.2 डिग्री सेल्यियस बढ़कर 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 63 एवं शाम को 66 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से क्रमश: 07 व 09 प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार चार अक्टूबर को उत्तरी बंगाल की खाड़ी में ताजा निम्न दबाव क्षेत्र विकसित होने की संभावना है लेकिन इस मौसम प्रणाली से ग्वालियर एवं चंबल संभाग में बारिश होगी या नहीं। यह उक्त निम्न दबाव क्षेत्र की तीव्रता पर निर्भर करेगा।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top