Uttar Pradesh

गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान चलाएगी भाजपा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी

लखनऊ, 01 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से सेवा पखवाड़ा मना रही है। भाजपा 2 अक्टूबर को स्वच्छता दिवस के रूप में मनाते हुए सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं तथा सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाएगी।

पार्टी कार्यकर्ता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों व प्रतिमाओं पर पुष्पार्चन करके नमन करेंगे। इसके साथ ही 2 अक्टूबर को विभिन्न जिलों में डॉ. आर.बालासुब्रमण्यम द्वारा लिखित पुस्तक ‘पावर विदिनः द लीडरशिप लिगेसी ऑफ नरेंद्र मोदी‘ विषय पर आधारित संगोष्ठियों में संवाद किया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय ने बताया कि बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह सुबह 11 बजे लोकभवन में आयोजित संगोष्ठी में संवाद करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल नोएडा एवं अरुण सिंह वाराणसी में आयोजित संगोष्ठियों में संवाद करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी चित्रकूट में संगोष्ठी को सम्बोधित करेंगे।

संजय राय ने बताया कि सेवा पखवाड़े के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी लखनऊ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज, ब्रजेश पाठक लखनऊ, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह लखनऊ में स्वच्छता अभियान को गति प्रदान करेंगे। इसी प्रकार पार्टी के अन्य नेता अलग—अलग स्थानों पर स्वच्छता अभियान व संगोष्ठी में शामिल होंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top