CRIME

व्यापारी को गोली मारने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एसआई घायल

व्यापारी को गोली मारने वाले आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

बरेली, 30 सितम्बर (Udaipur Kiran) । आंवला इलाके में 20 सितम्बर काे व्यापारी को गोली मारने वाले आरोपिताें काे पुलिस ने दस दिन बाद रविवार की देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपित के पैर में गोली लगी है। एसआई भी घायल हुआ है, जिनको इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक ने साेमवार काे पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तार आरोपित बदायूं निवासी बजरुल अली और इसी जिले के उझानी का रहने वाला लईक है। इनके खिलाफ लूट, चोरी, हत्या जैसी आपराधिक घटनाएं पूर्व में भी कई थानों में दर्ज हैं।

एसपी ने बताया कि चोरी के इरादे से बदमाश 20 सितम्बर की रात मोहल्ला अनुपुरा निवासी सालिग राम के मकान का ताला तोड़ रहे थे। अपने निर्माणाधीन मकान में लेटे पड़ोसी श्रीकांत पाटिल उर्फ मराठा ने यह देखकर शोर मचा दिया। इस दौरान बदमाश भागे तो उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया। छुड़ाने के लिए बदमाश ने गोली चलायी ​जो श्रीकांत के पेट में जा लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद आंवला के व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त था और पुलिस से बदमाशों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की। पुलिस बदमाशों की तलाश में थी, जिन्हें मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

(Udaipur Kiran) / देश दीपक गंगवार

Most Popular

To Top