Uttrakhand

कांग्रेस ने जनाक्रोश रैली निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन

कांग्रेस ने निकाली जनाक्रोश रैली, प्रदेश सरकार पर गरजे कांग्रेसी नेता

हल्द्वानी, 30 सितंबर (Udaipur Kiran) । जिला कांग्रेस के आह्वान पर जिले भर के कांग्रेसियों ने हल्द्वानी में एमबी इंटर कॉलेज के मैदान से जनाक्रोश रैली निकाली, जो नैनीताल रोड होते हुए जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय तक पहुंची, लेकिन जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय से लगभग 200 मीटर पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रैली को रोक लिया था। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर उसे पार कर लिया और जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचाने ने सफल रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया।

इस मौके पर रैली में शिरख्त करने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने प्रदेश के भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किये।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा ने कहा कि साफ सुथरा प्रशासन देने की बात कहने वाली भाजपा की डबल इंजन सरकार सभी मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। प्रदेश में महिलाओं के साथ बढ़ती दुष्कर्म की घटनाएं इसका जीता जागता उदाहरण है।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा के नेताओं के नाम आये दिन दुष्कर्म से जुड़े मामलों में नाम सामने आ रहे है, लेकिन भाजपा उनके खिलाफ कार्रवाही करने के बजाये उन्हें बचाने में लगी हुई है।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की जड़े प्रतिदिन मजबूत हो रही हैं, अफरशाही पर सरकार का कोई अंकुश नहीं रह गया है। प्रदेश की भोली भाली जनता अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिये सरकारी दफ्तरों के धक्के खाने को मजबूर है, लेकिन उनकी समस्याओं को कोई सुनने वाला नहीं है।

उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं का नारा देने वाली भाजपा के ही शासन में माँ-बहनों की अस्मत से खिलवाड़ की सर्वाधिक घटनाएं घटित हुई है, जो भाजपा के कथनी व करनी के फर्क को उजागर करता है।

रैली में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। कांग्रेस ने दुष्कर्म, हत्या, लूट-डकैती, भ्रष्टाचार, महंगाई, रोजगार, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, स्थानीय मुद्दों को लेकर जनाक्रोश रैली निकाली है। इस दौरान सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ गई।

(Udaipur Kiran) / अनुपम गुप्ता

Most Popular

To Top