Sports

रांची में 14वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप सोमवार से, 26 टीमें एक-दूसरे से करेंगी मुकाबला

हॉकी इंडिया लोगो

रांची, 29 सितंबर (Udaipur Kiran) । हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप का 14वां संस्करण सोमवार से शुरू हो रहा है। यह चैंपियनशिप 10 अक्टूबर तक रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में होने वाला है। टूर्नामेंट में 26 टीमें एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी। इन टीमों को आठ पूलों में बांटा गया है।

प्रत्येक पूल से शीर्ष टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए अर्हता प्राप्त करेंगी, जो 7 अक्टूबर को खेला जाएगा। उसके बाद सेमीफाइनल होगा जो 9 अक्टूबर को होगा। सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में एक-दूसरे से भिड़ेंगे जबकि सेमीफाइनल में हारने वाली टीमें 10 अक्टूबर को कांस्य पदक के लिए एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करेंगी।

पहले दिन पांच मैच खेले जाएंगे। हॉकी पंजाब का मुकाबला पूल ‘एफ’ में हॉकी जम्मू और कश्मीर से होगा। हॉकी महाराष्ट्र और हॉकी चंडीगढ़ का मुकाबला पूल ‘जी’ में क्रमशः दादर एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव हॉकी तथा हॉकी अरुणाचल से होगा। उत्तर प्रदेश हॉकी का मुकाबला पूल ‘एच’ में हॉकी गुजरात से होगा, जबकि हॉकी झारखंड का मुकाबला पूल ‘बी’ में हॉकी राजस्थान से होगा।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने रविवार को जारी बयान में कहा कि हम जमीनी स्तर पर हॉकी प्रतिभाओं को विकसित करने के लिए बेहद प्रतिबद्ध हैं और जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप जैसे मंच युवा एथलीटों को अपने कौशल का प्रदर्शन करने में मदद करते हैं और उन्हें शीर्ष स्तर के टूर्नामेंट का अनुभव प्राप्त करने में भी मदद करते हैं, जो उनके खेल करियर में बाद के चरण में उनकी मदद करता है। हम कल से रांची में उभरती हुई महिला हॉकी खिलाड़ियों को एक-दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप न केवल उभरते हुए खिलाड़ियों को एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है बल्कि हमें कम उम्र से ही प्रतिभा की पहचान करने, उसे तलाशने और उसे निखारने में भी मदद करती है। मुझे टूर्नामेंट की सफलता पर कोई संदेह नहीं है और मेरी शुभकामनाएं उन सभी युवा खिलाड़ियों के साथ हैं, जो कल से रांची में शुरू होने वाले टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए तैयार हैं।

आठ पूलों में विभाजित टीमें

पूल ए: हॉकी मध्य प्रदेश, हॉकी उत्तराखंड, केरल हॉकी

पूल बी: हॉकी झारखंड, हॉकी राजस्थान, हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु

पूल सी: असम हॉकी, हॉकी हरियाणा, मणिपुर हॉकी

पूल डी: छत्तीसगढ़ हॉकी, दिल्ली हॉकी, ले पुडुचेरी हॉकी

पूल ई: हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, हॉकी बंगाल, हॉकी बिहार

पूल एफ: हॉकी आंध्र प्रदेश, हॉकी जम्मू और कश्मीर, हॉकी पंजाब

पूल जी: दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव हॉकी, हॉकी अरुणाचल, हॉकी चंडीगढ़, हॉकी महाराष्ट्र

पूल एच: हॉकी गुजरात, हॉकी हिमाचल, हॉकी कर्नाटक, उत्तर प्रदेश हॉकी

—————

(Udaipur Kiran) / वीरेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top