CRIME

पुलिस को चकमा देकर फरार सजायाफ्ता कैदी गिरफ्तार

सज़ायाफ्ता कैदी

शिमला, 29 सितंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी शिमला में पुलिस को चकमा देकर फरार हुए कैदी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उपनगर टूटू के पास जुब्बड़हट्टी सड़क पर दिव्या नगर में आरोपी को धर दबोचा गया। आरोपी लवकुश (29) नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में 10 साल की सजा काट रहा था। पिछले कल शनिवार की दोपहर उपनगर बालूगंज से सटे तवी मोड़ पर पुलिस कर्मी को चकमा देकर वह फरार हो गया था। ये घटना तब हुई जब पुलिस के दो कांस्टेबल उसे आईजीएमसी में चिकित्सीय जांच से कंडा जेल ले जा रहे थे। इस बीच लघुशंका के बहाने पुलिस कर्मी को धक्का देकर वह फरार होने में कामयाब रहा। कैदी के फरार होने पर पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया। आरोपी के बारे में सूचना मिली कि वह दिव्य नगर के जंगल में देखा गया। ऐसे में पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस हरकत पर आरोपी के खिलाफ बालूगंज थाने में मामला दर्ज किया गया है और अब उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

कंडा जेल में तैनात कांस्टेबल अनीश कुमार ने बालूगंज थाने में शिकायत दी है कि वह और कांस्टेबल अंकुर आरोपी लवकुश (29) पुत्र चंद्रभान, निवासी गाँव बिधर खास, पोस्ट ऑफिस बिधर खास, तहसील अलापुर, जिला अंबेडकर नगर, उत्तर प्रदेश के साथ आईजीएमसी शिमला में उपरोक्त आरोपी की जांच के लिए ड्यूटी पर थे, आईजीएमसी शिमला में आरोपी की मेडिकल जांच पूरी करने के बाद दोनों कांस्टेबल आरोपी के साथ कंडा लौट रहे थे। तवी मोड़ पर एक बस में चढ़ते समय, आरोपी ने कांस्टेबल अनीश को धक्का दिया और भाग गया।

शिमला के डीएसपी मानवेन्द्र ठाकुर ने रविवार को बताया कि फरार कैदी की देर रात गिरफ्तारी हुई है और उसके ख़िलाफ़ बालूगंज थाने में बीएनएस की धारा 262 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

दुष्कर्म की वारदात में 10 साल की सजा काट रहा था आरोपी

बता दें कि शिमला की जिला अदालत चक्कर ने फरार कैदी लवकुश को मार्च 2023 में दुष्कर्म का दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। अभियोजन पक्ष ने दोषी के खिलाफ पुलिस थाना सदर में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और 511 एवं पोक्सो अधिनियम की धारा छह के तहत मामला दर्ज किया था। पीड़ित किशोरी की माता ने आरोप लगाया था कि 20 जून 2019 को उसकी लड़की लेंटर पर खेल रही थी। दिन के करीब दो बजे जब लड़की की तलाश की गई तो वह आरोपी के कमरे में पाई गई। लड़की के साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका को लेकर माता ने पुलिस के समक्ष शिकायत की थी।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top