Uttar Pradesh

एक समर्पित संगठनकर्ता थे पंडित दीनदयाल : शशांक मणि

फोटो

– दीनदयाल जयंती पर भाजपा ने चलाया व्यापक सदस्यता अभियान

देवरिया, 25 सितंबर (Udaipur Kiran) । बुधवार को शहर के न्यू कालोनी में स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जन्म जयंती मनाई गई। लोगों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई गई।

मुख्य अतिथि सदर सांसद शशांक मणि ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि पंडित जी एक गम्भीर दार्शनिक एवं गहन चिंतक होने के साथ-साथ एक ऐसे समर्पित संगठनकर्ता और नेता थे। जिन्होंने सार्वजनिक जीवन में व्यक्तिगत शुचिता एवं गरिमा के उच्चतम आयाम स्थापित किए।

सदर सांसद शशांक मणि ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के समय से ही वह इसके वैचारिक मार्गदर्शक और नैतिक प्रेरणा-स्रोत रहें हैं। उनका राजनीतिक दर्शन मानव मात्र की आवश्यकताओं के अनुरूप और हमारे प्राकृतिक आवास के अनुकूल राजनीतिक कार्यप्रणाली एवं शासकीय कौशल का मार्ग प्रशस्त करने वाला एक चहुंमुखी वैकल्पिक जीवन दर्शन हैं।

जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि दीनदयाल जी में संगठन का अद्वितीय और अद्भुत कौशल था। समय बीतने के साथ भारतीय जनसंघ की विकास यात्रा में वह ऐतिहासिक दिन भी आया जब सन 1968 में विनम्रता की मूर्ति इस महान नेता को दल के अध्यक्ष के पद पर प्रतिष्ठित किया गया।

उन्होंने कहा कि अपने उत्तरदायित्व के निर्वहन और जनसंघ के देशभक्ति का सन्देश लेकर दीनदयाल जी ने सम्पूर्ण भारत का भ्रमण किया। पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दुबे ने कहा कि दीनदयाल जी एक रचनात्मक लेखक और प्रख्यात संपादक थे। वे ‘राष्ट्रधर्म’ दैनिक में पत्रकार और ‘पांचजन्य’ के संपादक के रूप में काम करते थे । साप्ताहिक ‘ऑर्गनाइजर’ के लिए ‘पॉलिटिकल डायरी’ नामक स्तंभ लिखते थे। पत्रकारिता के लिए उनका मंत्र था ‘खबरों को तोड़-मरोड़ कर पेश न करें’। उन्होंने कहा कि सम्राट चंद्रगुप्त, जगतगुरु शंकराचार्य, पॉलिटिकल डायरी, एकात्म मानववाद, एकात्ममानववाद और भारत में पंचवर्षीय योजनाओं का विश्लेषण सहित कई पुस्तकें लिखीं। इस दौरान सदर सांसद और जिलाध्यक्ष ने लोगों को भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण कराई।

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अजय शाही, महामंत्री रविंद्र कौशल, निर्मला गौतम, नित्यानंद पांडे, प्रभाकर तिवारी, दिवाकर मिश्रा, राजू मणि, नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा, निशिरंजन तिवारी, विजय पटेल, दुर्गेश नाथ त्रिपाठी, संजय पांडे, रूपम पांडे, सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

(Udaipur Kiran) / ज्योति पाठक

Most Popular

To Top