Madhya Pradesh

इंदाैर: भाजपा नेता मोनू कल्याणे की हत्या के बाद पत्नी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

इंदौर, 25 सितंबर (Udaipur Kiran) । इंदौर में भाजपा नेता मोनू कल्याणे की हत्या के तीन महीने बाद उसकी पत्नी दीपिका कल्याणे ने बुधवार सुबह फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। एमजी रोड पुलिस के मुताबिक दीपिका के परिजन उषा फाटक स्थित ससुराल से बुधवार सुबह करीब 9 बजे मृत अवस्था में लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे। परिवार ने बताया कि बुधवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।अभी साफ नहीं हो पाया है कि दीपिका कल्याणे ने यह कदम क्यों उठाया। प्रारंभित तौर पर यह बात सामने आ रही है कि पति की हत्या के बाद से वो सदमे में थी। अभी पुलिस को दीपिका का कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।

दरअसल जून महीने में पोस्टर-बैनर लगा रहे भाजपा नेता माेनू कल्याणे की बाइक सवारों ने हत्या कर दी थी। दोनों आरोपित मोनू के घर के करीब रहने वाले थे। पुलिस ने इन्हें भोपाल से गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद इनके मकान पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई भी हुई थी। मोनू की माैत के बाद से ही पत्नी दीपिका (32) गुमसुम रहने लगी थी। कई बार उसे परिवार के लोगों ने समझाने का प्रयास किया। लेकिन वो पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पा रही थी। दीपिका के देवर गणेश कल्याणे ने बताया कि भाई मोनू की हत्या के बाद से ही भाभी दीपिका तनाव में रहती थी, रोती रहती थी। वह कहती थी कि उसे भी मोनू (पति) के पास जाना है। वह बार बार मोनू को याद करती थी। कुछ समय पहले मायके महू में भी रही। तब भी मोनू को लेकर बात-बात पर रोती थी। मोनू की मौत के बाद एक बेटे और बेटी की जिम्मेदारी भी संभाल रही थी। वे आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाना चाहती थी। बुधवार सुबह सबसे बड़ी भाभी ने उन्हें फंदे पर लटके हुए देखा।

घटना की सूचना मिलने के बाद मोनू कल्याणे के समर्थक अस्पताल पहुंच गए थे। इसके बाद उनके परिजन भी अस्पताल में मौजूद रहे। दीपिका द्वारा खुदकुशी करने से पूरे परिवार पर दुख का एक और पहाड़ टूट पड़ा। दो महीने पहले बेटे को खो चुके थे, अब बहू भी उन्हें छोड़कर चली गई। फिलहाल दीपिका के मायके के लोगों को जानकारी दे दी गई है। सभी महू से इंदौर पहुंच गए हैं। पुलिस को अभी तक किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि आज ही उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों का पता चलेगा। पुलिस अभी घर से सुसाइड नोट तलाश रही है। परिवार से बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि दीपिका पति और भाजपा नेता मोनू कल्याणे की 23 जून को 2024 को पीयूष और अर्जुन ने आधी रात 3 बजे गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के घर ढहा दिए थे। दोनों आरोपी अभी जेल में है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top