Madhya Pradesh

ग्वालियर: अंचल में बुधवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार

ग्वालियर, 24 सितम्बर (Udaipur Kiran) । पिछले छह दिन से निष्क्रिय मानसून के चलते अधिकतम तापमान बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर टिका हुआ है। जिससे दिन के साथ रात में भी गर्मी का असर फिर से बढ़ गया है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है लेकिन मौसम के जानकारों की मानें तो पड़ोसी राज्य राजस्थान सहित कुछ अन्य राज्यों से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। ऐसे में अब बारिश की संभावना लगभग कम है।

ग्वालियर शहर में अभी तक कुल 1188.9 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले कई सालों बाद मानसून सीजन में इतनी बारिश हुई है। इससे भू-जल स्तर में भी वृद्धि हुई है। गुजरे 11-12 एवं 18 सितम्बर को भारी बारिश भी हुई लेकिन फिर भी तापमान बढऩे के साथ गर्मी का असर भी बढ़ रहा है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा। यह भी औसत से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 91 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 22 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 76 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 22 प्रतिशत अधिक है।

मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार मंगलवार को आंध्रप्रदेश एवं ओडिशा तट से सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बन गया है। इस मौसम प्रणाली के झारखंड एवं छत्तीसगढ़ होते हुए दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश तक आने की संभावना है। इसके अलावा उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में विरूपित हवाओं का क्षेत्र भी बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले दो से तीन दिन में ग्वालियर एवं चंबल संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है जबकि मौसम के जानकारों का कहना है कि राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब आदि राज्यों से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। पिछले दो दिन में इन राज्यों के कुछ क्षेत्रों से मानसून की वापसी हो चुकी है। वर्तमान में मानसून की वापसी रेखा फिरोजपुर, सिरसा, चुरू, अजमेर, माउंट आबू, दीसा, सुरेन्द्र नगर, जूनागढ़ से गुजर रही है। ऐसे में अब बारिश की संभावना कम है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top