Jammu & Kashmir

भाजपा उम्मीदवार मोहन लाल ने अखनूर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख गांवों का दौरा किया

अखनूर 22 सितंबर (Udaipur Kiran) । अखनूर विधानसभा क्षेत्र के लोगों तक पहुंच बनाने के प्रयास में भाजपा उम्मीदवार मोहन लाल ने आश्रम कॉलोनी, सुनैल, भर्दा कलां, गंदरवान जैसे गांवों का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और जम्मू.कश्मीर के एक प्रगतिशील और सुरक्षित भविष्य के लिए अपनी दृष्टि को सामने रखा।

इस दौरान उनके साथ डीडीसी शारदा भाऊ, मंडल अध्यक्ष श्याम सिंह, पूर्व चेयरमैन एमसी संजय सराफ और वरिष्ठ भाजपा नेता सोभा राम शर्मा, भरत भूषण गुप्ता, राम स्वरूप, दलवीर सिंह सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। मोहन लाल ने कई सभाओं को संबोधित किया और जनता की भलाई, विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दोहराया।

एनसी-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए मोहन लाल ने उनके घोषणापत्र को राष्ट्रहित के खिलाफ करार दिया और विपक्ष पर अलगाववादियों और देश विरोधी ताकतों का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने अखनूर के लोगों को आश्वासन दिया कि भाजपा के नेतृत्व में इस क्षेत्र को पूरे राज्य के लिए एक आदर्श निर्वाचन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

अपने प्रमुख वादों में मोहन लाल ने उन किसानों को शीघ्र मुआवजा देने का वादा किया जिनकी भूमि को रक्षा बलों द्वारा अधिगृहित किया गया है साथ ही स्मार्ट मीटर प्रणाली की समीक्षा कर इसे जन.हितैषी बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने महिलाओं की भलाई, युवा रोजगार और किसानों एवं वंचित वर्गों के हितों की रक्षा के लिए भाजपा के प्रयासों को उजागर किया।

उन्होंने कहा भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो वास्तव में महिलाओं, युवाओं, किसानों और वंचित वर्गों की परवाह करती है। अनुच्छेद 370 हटाने के बाद हमने शरणार्थियों को नागरिकता के अधिकार और कस्टोडियन संपत्तियों के मालिकाना हक दिए हैं। भाजपा के तहतए हमारा लक्ष्य जम्मू.कश्मीर के युवाओं के लिए 5 लाख रोजगार के अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी कृषि उत्पादकता में सुधार के लिए उन्हें पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराया जाएगा और मतदाताओं से अपील की कि वे विकासए जन कल्याण, राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा के लिए 1 अक्टूबर को भाजपा का समर्थन करें।

इन सभाओं में पूर्व सरपंच प्रशांत शर्मा, तिलक, अशोक शर्मा, राकेश शर्मा और दीपक शर्मा जैसे कई प्रमुख स्थानीय नेता भी उपस्थित थे। अखनूर में भाजपा का चुनाव अभियान जोर पकड़ रहा है क्योंकि क्षेत्र चुनावों की तैयारी में जुटा है।

(Udaipur Kiran) /मोनिका

(Udaipur Kiran) / मोनिका रानी

Most Popular

To Top