Haryana

हिसार : योग भगवान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 28 से होंगे नाै रामायणों के पाठ

6 अक्तूबर को नगर में निकाली जाएगी शोभा यात्रा

हिसार, 23 सितंबर (Udaipur Kiran) । शांति नगर स्थित परमहंस श्रीयोग दरबार ब्रह्मज्ञान मंदिर के तत्वाधान में ब्रह्मलीन श्रीश्री 1008 श्रीयोग शब्दानंद जी महाराज का 111वां जन्मोत्सव 6 अक्तूबर को शांति नगर स्थित ब्रह्मपुरी तीर्थ स्थल पर धूमधाम से मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में डोगरान मौहल्ला स्थित कुटिया मोक्षद्वार में संत रामानंद महाराज के सान्निध्य में 28 सितंबर को प्रात: 5:30 बजे 9 रामायणों के पाठ शुरु किए जाएंगे जिनका भोग जन्मोत्सव वाले दिन डाला जाएगा।

मंदिर प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि इससे पहले 27 सितंबर को दोपहर बाद कलश यात्रा निकाली जाएगी।

28 सितंबर से 4 अक्तूबर तक रोजाना प्रात: 5:30 बजे से सात बजे तक व सायंकाल 3:30 बजे से 5:30 बजे तक कुटिया मोक्षद्वार पर रामायण पाठ, सत्संग व प्रवचन किये जाएंगे। 5 अक्तूबर को प्रात:काल कुटिया मोक्ष द्वार पर व सायंकाल का सत्संग 3:30 बजे से 5:30 बजे तक ब्रह्मपुरी तीर्थ स्थल पर किया जाएगा। प्रवक्ता के अनुसार 6 अक्तूबर को प्रात:काल 6 बजे मोक्षद्वार से ब्रह्मपुरी तीर्थ स्थल तक शोभा यात्रा निकाली जाएगी।

8 बजे हवन किया जाएगा। प्रात: 10 बजे ध्वजारोहण, 11 बजे से विशाल सत्संग व रामायण पाठ का भोग डाला जाएगा। समापन पर विशाल भंडारा चलाया जाएगा। इसके अलावा प्रथम नवरात्रे के दिन 3 अक्तूबर को प्रात: 6 बजे कुटिया मोक्षद्वार, डोगरान मौहल्ला से श्रीयोग उपराम आनन्द धाम, बाई पास तक पद यात्रा निकाली जाएगी।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top