HEADLINES

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान 23 सितंबर को लातेहार से पार्टी का करेंगे चुनावी शंखनाद

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान फाइल फाेटाे

रांची, 22 सितंबर (Udaipur Kiran) । लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री मंत्री चिराग पासवान साेमवार को एक दिवसीय दौरे पर झारखंड आएंगे। रांची एयरपोर्ट पर पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद चिराग पासवान एयरपोर्ट से सीधे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रधान के निजी कार्यालय कृष्णा एन्क्लेव, नार्थ ऑफिस पाड़ा में पार्टी के पदाधिकारियों संग चुनावी मंत्रणा करेंगे।

इसके बाद जमुई के सांसद सह झारखंड प्रदेश चुनाव प्रभारी अरुण भारती और सह प्रभारी एवं सांसद राजेश वर्मा के साथ सड़क मार्ग से वे लातेहार रवाना होंगे। वह लातेहार के जिला खेल स्टेडियम में पार्टी के जनहुंकार रैली को संबोधित करते हुए झारखंड में चुनावी बिगुल फूंकेंगे। लातेहार की रैली के बाद पासवान लोजपा-भाजपा द्वारा पलामू के लेस्लीगंज स्थित नीलाम्बर-पितांबरपुर में बाबा चौहरमल एवं पार्टी के संस्थापक स्व रामविलास पासवान की मूर्ति का अनावरण करेंगे। साथ ही वे आमसभा को संबोधित भी करेंगे।

इस संबंध में रविवार काे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रधान ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश में विधानसभा का चुनाव होना है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखण्ड में कार्यक्रम होने से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर काफी गंभीर है। इसी को लेकर पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रभारी एवं सह प्रभारी लगातार झारखंड के दौरे पर हैं। अभी पिछले महीने ही पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक एवं प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं का भी महाजुटान राजधानी रांची में हुआ था। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भी शामिल हुए थे।

—————

(Udaipur Kiran) / शारदा वन्दना

Most Popular

To Top