Haryana

हिसार : आदमपुर में जीत के लिए नहीं,दूसरे नंबर पर आने के लिए संघर्ष कर रहे विपक्षी:कुलदीप बिश्नोई

कुलदीप बिश्नोई का स्वागत करते क्षेत्रवासी।

भाजपा नेता ने क्षेत्र में चलाया जनसंपर्क, भव्य के लिए मांगे वोट

हिसार, 22 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा समन्वय समिति के संयोजक एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने कहा है क्षेत्र की जनता के प्यार व अपनेपन की बदौलत कोई दूसरा 56 वर्षों में हमारे परिवार में दखल नहीं दे पाया। देश भर में आदमपुर ही ऐसा हलका है जहां विपक्षी उम्मीदवार जीतने के लिए नहीं बल्कि दूसरे नंबर पर आने के लिए संघर्ष करते हैं।

कुलदीप बिश्नोई रविवार को विधायक भव्य बिश्नोई के साथ क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रहे थे। उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने हमेशा से ही चौ. भजनलाल परिवार के कंधे से कंधा मिलाकर उन्हें मजबूती दी है। जनता के प्यार और अपनेपन का लोहा विपक्षी भी मानते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई यहां की समस्याओं बारे पूरी तरह से गंभीर है और वह हर समस्या का समाधान करवाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी आदमपुर के विकास के लिए भरपूर भरोसा दिलाया है।

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी व पार्टी प्रत्याशी भव्य बिश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज देश की सीमाएं पूरी तरह से सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश चहुंमुखी विकास कर रहा है। भाजपा सरकार ने प्रदेश के कोने-कोने का समान विकास किया है और 36 बिरादरी को भरपूर मान-सम्मान दिया है। इसी कारण प्रदेश में भी लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

भव्य बिश्नोई ने कहा कि चौ. भजनलाल ने अपने राजनैतिक, सामाजिक व व्यक्तिगत जीवन में क्षेत्र के लोगों की भरपूर सेवा की है। उनके घर के दरवाजे हमेशा लोगों के लिए खुले रहते थे। वे क्षेत्र के लोगों को अपना परिवार मानते थे। क्षेत्र के लोगों ने भी उनका साथ देने में कोई कौर-कसर नहीं छोड़ी। लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा हो, अथवा उपचुनाव। क्षेत्र के लोग चौ. भजनलाल परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top