HEADLINES

आदिवासी युवा देश की रक्षा में लगा रहे जान की बाजी : राजनाथ

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शिवराज सिंह चाैहान,बाबूलाल मरांडी

गढ़वा, 21 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा के दूसरे दिन शनिवार काे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने झारखंड के श्रीबंशीधर नगर में परिवर्तन यात्रा का नेतृत्व किया। राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में आदिवासी युवाओं की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि झारखंड के आदिवासी युवा देश की रक्षा में अपनी जान की बाजी लगाकर सीमाओं की सुरक्षा कर रहे हैं। वे बहुत बहादुर होते हैं, और हमें उन पर गर्व है।

राजनाथ ने कहा कि झारखंड राज्य को बने 24 वर्ष हो गए हैं और 15 नवंबर को यह रजत जयंती मनाएगा। इस अवसर पर उन्होंने झारखंड के सभी लोगों को बधाई दी। इससे पूर्व उन्होंने श्री बंशीधर मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

राहुल गांधी और घुसपैठ पर निशाना

राहुल गांधी की आलोचना करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत की आलोचना कर रहे हैं जबकि झारखंड जैसे राज्यों में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ कर रहे हैं। यह घुसपैठ यहां की जनसांख्यिकी को बदलने का प्रयास है और हम इसे सहन नहीं करेंगे। भाजपा की सरकार बनते ही इस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आते ही यह सुनिश्चित करेगी कि राज्य में घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो सबसे पहले राज्य में रुके हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। बाबूलाल मरांडी ने वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब परिवर्तन चाहती है और भाजपा की यह यात्रा उसी बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम, स्थानीय विधायक भानु प्रताप शाही और पूर्व सांसद सुनील सिंह समेत कई प्रमुख भाजपा नेताओं ने भी यात्रा को संबोधित किया।

—————

(Udaipur Kiran) / शारदा वन्दना

Most Popular

To Top