Haryana

गुरुग्राम: भाजपा के मेनिफेस्टो में सम्पूर्ण हरियाणा के विकास का संकल्प: सुरेंद्र नागर

फोटो नंबर-01: गुरुग्राम जिला की चारों विधानभाओं के कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हरियाणा भाजपा सहप्रभारी सुरेंद्र नागर।

-गुरुग्राम, सोहना, पटौदी और बादशाहपुर विधानसभाओं में कमल खिलाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के कंधों पर

-सुरेंद्र नागर ने कार्यकर्ताओं के साथ चुनावों की तैयारी और रणनीति पर की चर्चा

गुरुग्राम, 20 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा भाजपा सह प्रभारी सुरेंद्र नागर ने कहा कि गुरुग्राम की चारों विधानसभाओं में कमल खिलाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के कंधो पर है। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन हमारे लिए एक परिवार की तरह है। जब संगठन एकजुट होता है तो हमें कोई भी शक्ति पराजित नहीं कर सकती। यह बात उन्होंने शुक्रवार को गुरुग्राम, सोहना, पटौदी और बादशाहपुर विधानसभा की कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

चारों विधानसभाओं की बैठक में नागर ने चुनावों की तैयारी और रणनीति पर विस्तृत चर्चा की और कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिए। बैठक में सह प्रभारी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाथी के दांत की तरह है जो खाने के और होते हैं तथा दिखाने के और होते हैं। कांग्रेस का मेनिफेस्टो झूठ का पुलिंदा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के मेनिफेस्टों में सम्पूर्ण हरियाणा के विकास का संकल्प है। गुरुग्राम पहुंचने पर जिला अध्यक्ष कमल यादव ने भाजपा सह प्रभारी सुरेंद्र नागर का स्वागत किया। सुरेंद्र नागर ने चारों विधानसभाओं से आए चुनाव प्रबंधन समिति से जुड़े कार्यकर्ताओं से बूथ, शक्ति केंद्र के बारे में पूरी जानकारी ली। सुरेंद्र नागर ने कहा कि मोदी सरकार ने 10 वर्षों में देश और प्रदेश की तरक्की के लिए अनेकों कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब, युवा, नारी और किसानों को मजबूत और सशक्त बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया है। हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली से हरियाणा के लोग खुश हैं। उन्होंने कहा कि मैं हरियाणा के अलग अलग जिलों में गया हूं हर जगह माहौल भाजपा के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि आप लोगों के पास मोदी और नायब सरकार की उपलब्धि और योजनाएं हैं जिन्हें घर-घर जाकर लोगों को बताना है और भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए मतदाताओं को प्रेरित करना है।

बैठक में जिला अध्यक्ष कमल यादव ने सह प्रभारी सुरेंद्र नागर का स्वागत करते हुए विश्वास दिलाया कि भाजपा के कार्यकर्ता चारों विधानसभाओं में कमल खिलाने के काम में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सोहना, गुरुग्राम, पटौदी और बादशाहपुर विधानसभा में प्रचंड बहुमत के साथ कमल खिलेंगे और हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बननी तय है।बैठक में चारों विधानसभा मे रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चो के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, गुरुग्राम जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, ब्लाक समिति चेयरमैन,वाईस चेयरमैन, विधानसभा प्रभारी व संयोजक ,विधानसभा चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) हरियाणा

Most Popular

To Top