Delhi

भारतपे के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर अशनीर ग्रोवर के रिश्तेदार दीपक गुप्ता गिरफ्तार

नई दिल्ली, 20 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतपे के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर अशनीर ग्रोवर के रिश्तेदार दीपक गुप्ता को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने गिरफ्तार किया है। ईओडब्ल्यू ने दीपक गुप्ता को फिनटेक कंपनी से फंड की हेराफेरी के आरोपों के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, अभी उन्हें मंदिर मार्ग थाने में रखा गया है।

पुलिस के मुताबिक, ईओडब्ल्यू दीपक गुप्ता को साकेत कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस आगे की कार्रवाई और पूछताछ के लिए रिमांड मांग सकती है। भारतपे केस में दीपक गुप्ता महत्वपूर्ण कड़ी है। पुलिस का मानना है कि दीपक से पूछताछ के बाद महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटनाक्रम भारतपे और ग्रोवर के बीच चल रही कानूनी लड़ाई का हिस्सा है, जो वित्तीय कदाचार और कंपनी के संसाधनों के दुरुपयोग के आरोपों के बीच 2022 में कंपनी से उनके निष्कासन के बाद शुरू हुई थी। दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को भारतपे के पूर्व एमडी ग्रोवर और उनकी पत्नी माधुरी जैन ग्रोवर को दोहा और यूनाइटेड किंगडम की यात्रा करने की अनुमति दे दी।

वहीं ईओडब्ल्यू ने एक लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था। उन्होंने पहले ही एलओसी को चुनौती दी थी। ग्रोवर्स ने 28 सितंबर से 7 अक्टूबर तक यूनाइटेड किंगडम की यात्रा करने की अनुमति मांगी है। सूत्रों की मानें तो भारतपे केस में गिरफ्तार दीपक गुप्ता, अशनीर ग्रोवर के खास और नजदीकी रिश्तेदार हैं। अशनीर ग्रोवर की पत्नी माधुरी ग्रोवर की बहन के पति दीपक गुप्ता हैं। दीपक को ईओडब्ल्यू ने 19 सितंबर की रात में गिरफ्तार किया था। उनको कुछ दिनों पहले ही भारतपे के हेड ऑफ कंट्रोल्स पद से बर्खास्त किया गया था।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top