Uttar Pradesh

नोै टीमों के साथ वाराणसी नगर निगम ने महा सफाई अभियान का किया आगाज

महा सफाई अभियान में महापौर: फोटो बच्चा गुप्ता

—महापौर से लेकर सभी वरिष्ठ अधिकारी उतरे विभिन्न क्षेत्रों में, 90 टन कूड़ा साफ

वाराणसी, 18 सितम्बर (Udaipur Kiran) । ‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ के अन्तर्गत वाराणसी नगर निगम के चलाये जा रहे महा स्वच्छता अभियान में बुधवार को महापौर अशोक तिवारी के साथ ही सभी वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सभी ने अपने लिए निर्धारित वार्ड में अभियान चलाकर श्रमदान किया। महापौर अशोक तिवारी ने कन्दवा वार्ड में सहभागिता की। इस दौरान साथ में विधान परिषद सदस्य और भाजपा के स्थानीय जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, विधान परिषद सदस्य अश्वनी त्यागी, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा भी रहे।

इसी क्रम में अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार राय पांडेयपुर वार्ड, दुष्यन्त कुमार मौर्य सिकरौल वार्ड, सविता यादव कोनिया वार्ड में स्वच्छता अभियान में भागीदारी कीं। विनोद कुमार गुप्ता ने कालभैरव वार्ड, मुख्य अभियन्ता मोइनुद्दीन ने भेलूपुर वार्ड, महाप्रबन्धक जलकल अनूप सिंह ने पुराना रामनगर वार्ड, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने नेवादा वार्ड में उपस्थित होकर सफाई अभियान चलाया। इनके साथ क्षेत्रीय जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियन्ता, सिविल एवं जलकल, जोनल स्वच्छता अधिकारी एवं क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक शामिल हुए। महापौर ने कंदवा वार्ड में कर्मदेश्वर महादेव मंदिर एवं कंदवा पोखरा पर झाड़ू लगाकर सफाई किया।

इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने जलकल के क्षेत्रीय अवर अभियन्ता की शिकायत की। इस पर महापौर ने अधिशासी अभियन्ता को कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। महापौर ने अभियान में कंचनपुर खेल मैदान में ‘एक वृक्ष मां के नाम’ पर पौधारोपण किया। इसी क्रम में अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार राय ने पाण्डेयपुर वार्ड में सफाई की, जहां पर गंदगी फैलाने वाले व्यक्ति पर सात सौ रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि आज के महासफाई अभियान में 90 टन कूड़ा साफ कराकर निस्तारण के लिए प्लान्ट पर भेजा गया। यह महासफाई अभियान 02 अक्टूबर तक निरन्तर चलेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top