Uttar Pradesh

लोकतंत्र में विपक्ष शत्रु नहीं बल्कि सचेतक होता है: अजय राय

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की पीसी: फोटो बच्चा गुप्ता

—प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर साधा निशाना,बोले-भाजपा प्रायोजित हर षडयंत्र का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम

वाराणसी,17 सितम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के विवादित बयान पर मंगलवार को पलटवार किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘‘देश का सबसे बड़ा दुश्मन और आतंकवादी’’ बताने वाले बयान की निंदा कर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संसदीय राजनीति में विपक्ष के सम्मानित नेता प्रतिपक्ष के प्रति ऐसी अमर्यादित भाषा सोच से भी परे है। अजय राय ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट के विधायक संजय गायकवाड़ के अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी पर उन्हें आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आखिर हम भारतीय लोकतंत्र को किस दौर में ले जाना चाहते हैं ?। लोकतंत्र में विपक्ष शत्रु नहीं बल्कि सचेतक होता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लहुराबीर महामंडल नगर स्थित अपने कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी ने अपने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पूरे देश की पदयात्रा की। गरीब, किसान, युवा, महिलाएं, दलित, मजदूर, पिछड़े समाज से लेकर हर जाति हर मजहब के लोगों से मिले। लोगों के दिलों को उन्होंने अपने प्यार और संस्कार से जीता है।

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अपने सम्मानित जननेता राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। पार्टी का एक एक कार्यकर्ता बब्बर शेर की तरह भाजपा प्रायोजित हर षडयंत्र का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। वास्तव में देखा जाए तो आज जिस तरह से राहुल गांधी पूरे भारत में लोगों के न्याय और हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, उससे आज पूरा भारत उनकी तरफ आशा भरी नजरों से देख रहा है। लोगों को राहुल गांधी में उम्मीद की लौ जलती नजर आ रही है। इन्ही सब बातों से भाजपा नेता बौखला कर उनके खिलाफ अनाप शनाप अमर्यादित बयान देकर खुद को लाइम लाइट में लाना चाह रहे हैं। दुर्भाग्य की बात है कि खुद प्रधानमंत्री मोदी अपनी पार्टी के नेताओं के इस स्तरहीन बयानों पर खामोश हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कहीं न कहीं इसमें उनकी मौन स्वीकृति भी है। कांग्रेस पार्टी यह मांग करती है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित भाषा बोलने वाले नेताओं के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। लोकतंत्र में ऐसी बेहूदी, घटिया भाषा के लिए कोई जगह नहीं हो सकती। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभी दोषियों के प्रति सख्त से सख्त कार्यवाही की मांग करती है।

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस भारत की न सिर्फ सबसे पुरानी बल्कि सबसे जिम्मेदार राजनौतिक दल है। हमने महान उच्च राजनैतिक आदर्शों और सर्वोच्च बलिदानों से इस देश के लोकतंत्र की बुनियाद को खड़ा किया है। हम इसे किसी भी स्थिति में खंडित नहीं होने देंगे। वार्ता में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेंद्र चौबे, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, ओमप्रकाश ओझा, फसाहत हुसैन बाबू, डॉ राजेश गुप्ता आदि की भी मौजूदगी रही।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top