Madhya Pradesh

विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति में मील के पत्थर बनेंगे मोदी सरकार के 100 दिनः विष्णुदत्त शर्मा

Vishnu Dutt Sharma

भोपाल, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी कार्यालय में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के 100 दिनों के ऐतिहासिक कार्यकाल पर पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 2047 विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहे हैं और यह 100 दिन उसी संकल्पना को साकार करने में समर्पित रहा है। 15 लाख करोड़ की परियोजनाओं की सौगात विकसित भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिवस और कार्यकाल के 100 दिन पूर्ण होने पर बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और 2014 से लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री चुने गए। सार्वजनिक जीवन के ढाई दशकों से ज्यादा समय बिना रुके, बिना थके, देश की सेवा करने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में उनके जन्मदिवस को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाएगी।

बिना रुके, बिना थके देश के लिए काम कर रहे प्रधानमंत्री मोदी

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी शपथ ग्रहण के साथ ही भारत के ऐसे दूसरे नेता बन गए हैं, जिन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले दो कार्यकाल में दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा। भारत के प्रति दुनिया का जो विश्वास बढ़ा है, वह हम सभी देख रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने 120 से अधिक देशों के साथ तीसरे ‘‘वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ‘‘ शिखर सम्मेलन की मेजबानी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब कल्याण के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक काम किए हैं और देश के राजनीतिक इतिहास में पहली बार 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री के काम और उनके व्यक्तित्व के आधार पर उनकी छवि एक ग्लोबल लीडर की बन गई है। पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में काम करते हुए नरेंद्र मोदी ने एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली।

100 दिनों में अधोसंरचना के विकास को मिली रफ्तार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीते 100 दिनों में अधोसंरचना के विकास के लिए 15 लाख करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देश को मिली है। इन परियोजनाओं से जहां लाखों रोजगार के अवसर पैदा होंगे, वहीं देश के विकास को भी दिशा मिलेगी। इन परियोजनाओं में से 3 लाख करोड़ की परियोजनाएं सड़कों, रेल सुविधाओं और बंदरगाहों के विकास के लिए हैं। 50600 करोड़ की लागत से आधुनिक तकनीक से युक्त सड़कें और हाईवे बनाए जाएंगे। देश को 8 नई रेल परियोजनाएं मिली हैं, जिनमें मध्यप्रदेश की इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन भी शामिल है। यह रेल परियोजना प्रदेश के आदिवासियों के विकास का पथ साबित होगी।

हटा दी गुलामी की प्रतीक आईपीसी

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और देश के गृहमंत्री अमित शाह का संकल्प था कि देश से गुलामी के सभी प्रतीकों को हटा देंगे। उन्होंने अंग्रेजों के जमाने से चली आ रही आईपीसी को हटाकर 1 जुलाई, 2023 से देश में तीन नए कानून लागू किए और भारतीय दंड संहिता के स्थान पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए। संगठित आर्थिक अपराधों पर रोक के लिए संसद में नया कानून पारित कराया गया।

सेवा पखवाड़े के रूप में मनेगा प्रधानमंत्री का जन्मदिन

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी सेवा पखवाड़े के रूप में मना रही है, जिसकी शुरुआत आज से ही हो गई है। इस सेवा पखवाड़े के अंतर्गत 17, 18 और 19 सितंबर को प्रत्येक जिले में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक बूथ पर एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जाएगा। पखवाड़े के दौरान मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता के कार्यक्रम किए जाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top