HimachalPradesh

पूबोवाल तालाब का होगा सौंदर्यीकरण, विशेषज्ञों की ली जाएगी मदद : मुकेश अग्निहोत्री

पूबोवाल

ऊना, 14 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव पूबोवाल में 75वें वन महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें उपमुखमंत्री मुकेश अग्निहोत्री व उनकी बेटी आस्था अग्निहोत्री ने पौधरोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दाे करोड़ रुपये खर्च करके पूबोवाल तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। तालाब के पानी की साफ सफाई और गांव की जल निकासी का शोधन करके पानी तालाब में डालने की व्यवस्था के लिए वैज्ञानिक तरीके से काम किया जा रहा है। इसमें विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि इसे एक ऐसे मनोरम स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां लोगों के लिए सैर करने, मनोरंजन और बच्चों के लिए खेल के इंतजाम हों। यहां चंडीगढ़ के 17 सेक्टर की तर्ज पर एक भव्य फाउंटेन भी लगाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पूबोवाल तालाब के साथ के क्षेत्र के विकास के लिए मास्टर प्लान बनाने के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ने लोगों से पौधारोपण को अपने जीवन से जोड़ने की अपील की। बच्चे के जन्म पर पौधा लगाएं, जब वे स्कूल में दाखिल हों तब भी उनके नाम पर पौधा लगाएं। इससे पौधों के साथ जुड़ाव और प्रकृति से अपनापन होगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही हरोली में बस डिपो खोला जाएगा। इसके अलावा हरोली में नए बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा में विभिन्न सड़कों के सुधार और विस्तार कार्य तथा पुलों के निर्माण पर 70 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। यह परियोजनाएं क्षेत्र की भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है और इससे लोगों को सीधा लाभ होगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 75 करोड़ रुपये ये बीत क्षेत्र में सिंचाई योजना-2 बनाने का काम किया जा रहा है। इससे पहले बीत क्षेत्र सिंचाई योजना-1 के जरिए सिंचाई सुविधा के स्तरोन्नयन का काम किया गया है। दूसरी योजना बनने से यहां हर खेत को पानी पहुंचाने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। इससे किसानों को बड़े पैमाने पर लाभ होगा। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब बीत क्षेत्र में पत्थरीली जमीन होने के कारण सब्जियों की पैदावार न के बराबर थी। लेकिन अब बेहतर सिंचाई सुविधा के चलते यहां किसान हर तरह की सब्जियों की खेती कर लाभान्वित हो रहे हैं।

इस मौके उपायुक्त जतिन लाल ने अपने संबोधन में लोगों से पौधारोपण की अहमियत समझने तथा अपना दायित्व पहचानने की अपील की। उन्होंने इस मुहिम को जन आंदोलन बनाने और सभी से इसमें भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

—————

(Udaipur Kiran) / विकास कौंडल

Most Popular

To Top