HimachalPradesh

प्राकृतिक खेती में हिमाचल प्रदेश देश में अग्रणी, अन्य राज्य कर रहे अनुसरण: राज्यपाल

नौणी के डॉ. वाईएस परमार विश्वविद्यालय में आयोजित अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल हुए राज्यपाल

शिमला, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के किसान प्राकृतिक खेती पद्धति को अपनाने में गहरी रुचि ले रहे हैं और यह खुशी की बात है कि खेती की इस पद्धति को अपनानेे में अन्य राज्य भी आगे आ रहे हैं।

राज्यपाल शुक्रवार को जिला सोलन के डॉ. वाईएस परमार औद्याेगिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में प्राकृतिक खेती के अन्तर्गत सतत् खाद्य प्रणालियों को सक्षम बनाने में विषय पर आयोजित दो दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। सम्मेलन में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी बतौर मुख्य अतिथि और मुख्यवक्ता के रूप में उपस्थित थे। राज्यपाल ने देशभर में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा प्रदान करने के लिए नौणी विश्वविद्यालय की प्रशंसा की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में आचार्य देवव्रत की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में हिमाचल देश का अग्रणी राज्य है और प्रदेश में किसानों ने सफलतापूर्वक प्राकृतिक खेती पद्धति को अपनाया है। राज्य में प्राकृतिक खेती की सफलता का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि राज्य में 3584 ग्राम पंचायतों के 1.94 किसान 34 हजार 342 हैक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती से विविध फसलों की पैदावार कर रहे हैं।

राज्यपाल ने कहा कि नीति आयोग ने देश में प्राकृतिक खेती के क्रियान्वयन के लिए हिमाचल प्रदेश के मॉडल पर आधारित प्राकृतिक खेती पर राष्ट्रीय मिशन की शुरूआत की है। हिमाचल जैसे छोटे राज्य के लिए यह गौरव की बात है कि देश के कृषि विज्ञानी, शोधकर्ता, पर्यटक, किसान और कृषि अधिकारी प्राकृतिक खेती की विस्तृत जानकारी हासिल करने के लिए हिमाचल के खेतों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्राकृतिक खेती के महत्व से भली-भांति परिचित है इसलिए इस पद्धति को बढ़ावा प्रदान किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने भारतीय प्राकृतिक खेती पद्धति को पारम्परिक कृषि विकास योजना से जोड़ा है और इसके सफल क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। राज्यपाल ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में प्रदेश की प्रत्येक पंचायत से 10 किसानों को जोड़कर प्रदेश के 36 हजार किसानों को इस पद्धति से जोड़ा जाएगा और उन्हें पोर्टल के माध्यम से प्राकृतिक खेती का प्रमाणीकरण दिया जाएगा। प्राकृतिक खेती से पैदा हुए उत्पादों का बेहतर विपणन सुनिश्चित करने के लिए 10 नए कृषक उत्पादक संघ गठित किए जाएंगे।

गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने हिमाचल प्रदेश के किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए बधाई दी और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए नौणी विश्वविद्यालय के विज्ञानियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस दिशा में विभिन्न विश्वविद्यालयों के शोध कार्यों के सकारात्मक परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि भविष्य के लिए कृषि की यह पद्धति अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने वैश्विक उष्मीकरण के दुष्प्रभावों और कृषि उत्पादों की पैदावार बढ़ाने के लिए यूरिया और टीएपी के अत्याधिक उपयोग से होने वाले नुकसानों के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी।।

—————

(Udaipur Kiran) शुक्ला

Most Popular

To Top