HEADLINES

वकीलों और पक्षकारों के लिए व्हाट्सएप सेवा, ई-म्युजियम और ह्यूमर इन कोर्ट की सेवाएं लॉन्च

दिल्ली हाई कोर्ट ने आज वकीलों-पक्षकारों के  लिए ई- सर्विस लॉन्च की

नई दिल्ली, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली हाई कोर्ट ने आज वकीलों और पक्षकारों के लिए व्हाट्सऐप सेवा, ई-म्युजियम और ह्यूमर इन कोर्ट की सेवाएं लॉन्च की है। इन सेवाओं की लॉन्चिग हाई कोर्ट के कार्यकारी चीफ जस्टिस मनमोहन ने आज एक समारोह के दौरान की।

व्हाट्सएप सेवा का लाभ वकीलों और पक्षकारों को सीधे मिल सकता है। इस सेवा के जरिये केसों की सूचना, उनकी लिस्टिंग, केस फाइलिंग इत्यादि की जानकारी मिल सकेगी। हाई कोर्ट ने अपने समृद्ध कानूनी विरासत को संरक्षित रखने और उनकी जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए ई-म्युजियम की शुरुआत भी की। ई-म्युजियम के जरिये केस के रिकॉर्ड, महत्वपूर्ण फैसलों, कानूनी दस्तावेजों इत्यादि की जानकारी मिल सकेगी। ई-म्युजियम के जरिये कोर्ट की उन कार्यवाहियों की भी जानकारी मिलेगी, जिनसे न्यायपालिका और समाज दोनों वर्षों तक प्रभावित रहे हैं।

ह्यूमर इन कोर्ट के जरिये कोर्ट रूम में घटने वाली हल्की-फुल्की और यादगार घटनाओं का जिक्र किया जाएगा। आमतौर पर कोर्ट में सुनवाई के दौरान वकील अपनी दलील के दौरान मजाकिया लहजे में काफी कुछ कह देते हैं। जज भी मजाकिया लहजे में बोलते हैं जिससे माहौल खुशनुमा हो जाता है। इन्हीं क्षणों की जानकारी दिल्ली हाई कोर्ट के वेबसाइट पर ह्यूमर इन कोर्ट के जरिये मिलेगी। ह्यूमर इन कोर्ट के लिए वकील और पक्षकार [email protected] पर मेल कर सकते हैं। मेल पर मिली जानकारी की समीक्षा करने के बाद इसे ह्यूमर इन कोर्ट सेक्शन में अपलोड किया जाएगा। बतादें कि दिल्ली हाईकोर्ट की ये सेवाएं हाईकोर्ट की आईटी, एआई और एक्सेसिबिलिटी कमेटी के द्वारा शुरू की गई है। इस कमेटी के चेयरमैन जस्टिस राजीव शकधर हैं।

————–

(Udaipur Kiran) / प्रभात मिश्रा

Most Popular

To Top