RAJASTHAN

विदेश में भारत की प्रतिष्ठा धूमिल करने का षडयंत्र कर रहे हैं राहुल गांधीः मदन राठौड़

विदेश में भारत की प्रतिष्ठा धूमिल करने का षडयंत्र कर रहे है राहुल गांधीः मदन राठौड़

जयपुर, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राहुल गांधी के बयान की घोर निंदा करते हुए कहा कि राहुल गांधी को राष्ट्रीय चरित्र, राष्ट्र भक्ति और राष्ट्र सम्मान सीखने की जरूरत है। सदन में विपक्ष के नेता विदेश में जाकर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का षडयंत्र रच रहे है। यह घोर निंदनीय और गलत है। भारत का नागरिक विदेश में जाकर ऐसा कृत्य नहीं कर सकता, देश का एक राष्ट्रभक्त नागरिक ऐसा कार्य नहीं करता लेकिन राहुल गांधी की भाषा खालिस्थान समर्थकों की भाषा जैसी लग रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड ने भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि राहुल गांधी को अपनी दादी से सीख लेनी चाहिए, जो भारत की प्रतिष्ठा के प्रति सख्त रुख रखती थीं। उन्हें विदेश में भारत के खिलाफ एक शब्द तक बोलने से इनकार करने वाली उनकी दादी का अनुसरण करना चाहिए। राठौड़ ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की भाषा खालिस्तान समर्थकों से मिलती है, जो देश को कमजोर करने और सीमाओं पर विवाद पैदा करने का षड्यंत्र है। उन्होंने डोकलाम संघर्ष के दौरान राहुल गांधी के चीन में सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की ओर भी इशारा किया। राठौड़ ने पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि पूर्व सीएम अशोक गहलोत को अपने घर को संभालना चाहिए, भाजपा में सबकुछ सामान्य है। यहां कार्यकर्ता से लेकर पदाधिकारी एक साथ मिलकर भाजपा की विचारधारा पर कार्य कर रहे है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश कार्यालय में सदस्यता अभियान को लेकर जयपुर शहर जिले की कार्यशाला आयोजित की गई। अभियान कार्यशाला को संबोधित करते हुए राठौड़ ने कहा कि भाजपा के सदस्यता अभियान में मंडल स्तर से लेकर भाजपा पदाधिकारी, विधायक, सांसद और मंत्रियों तक को बढ़ चढ़कर योगदान करना होगा। संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश को जो लक्ष्य दिया है हमें उसे पूरा करना है। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को घर-घर जाकर आमजन को भाजपा की विचारधारा को बताते हुए सदस्यता ग्रहण करवानी है। सर्व स्पर्शी एवं सर्व व्यापी अभियान के ध्येय को चरिथार्थ करते हुए सबको सदस्य बनाना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि देश में विपक्ष विपरीत हालात पैदा करने का प्रयास कर रहा है। विपक्षी राजनीतिक पार्टियां मिलकर अस्थिरता के साथ देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहे है। ऐसे में हमें विपक्षी दलों के मंसूबे पूरा होने से रोकना होगा। इसके लिए सदस्यता अभियान में देश के हर जिम्मेदार नागरिक को जोड़ते हुए उसे भाजपा की रीति और नीति समझानी होगी। भाजपा विचारधारा आधारित वो पार्टी है जहां कार्यकर्ताओं का सहयोग करने के साथ नए सदस्यों को जोड़ने का प्रयास किया जाता है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और सदस्यता अभियान के प्रदेश सह-संयोजक मोतीलाल मीणा ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top