Madhya Pradesh

ग्वालियरः प्रभारी मंत्री ने लगातार हो रही बारिश को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से की फोन पर चर्चा

– दिए निर्देश जल भराव वाले क्षेत्र में जरूरतमंदों तक तत्काल मदद पहुँचे, पुख्ता इंतजाम रखने के भी दिए निर्देश

ग्वालियर, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ग्वालियर जिले में लगातार हो रही बरसात को ध्यान में रखकर वरिष्ठ अधिकारियों के सतत संपर्क में है। उन्होंने बुधवार को संभाग आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव से फोन से चर्चा कर अधिक वर्षा से जिले में निर्मित हुई वस्तु स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी उन्होंने इस संबंध में चर्चा की। सिलावट ने निर्देश दिए हैं कि अतिवृष्टि को ध्यान में रखकर पूरा एहतियात बरतें। व्यवस्थायें ऐसी रहें, जिससे बाढ़ या अधिक जलभराव की स्थिति बनने पर जरूरतमंदों तक तत्काल मदद पहुँच जाए।

प्रभारी मंत्री सिलावट ने निर्देश दिए कि बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय होकर काम करे। साथ ही एसडीआरएफ सहित गोताखोरों के दलों को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुँचने के लिए मुस्तैद रखें। उन्होंने एहतियात बतौर राहत व बचाव कार्य दल गठित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि जल भराव वाले क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखने के लिये पहले से ही ऊँचे स्थान पर भवन चिन्हित कर लें। प्रभारी मंत्री सिलावट ने यह भी निर्देश दिए कि बाढ़ नियंत्रण कक्ष में सहायता के लिये सूचना प्राप्त होने पर संबंधित को तत्काल मदद पहुँचे, इसमें देरी न हो। साथ ही बाढ़ नियंत्रण कक्ष में शिकायतों को दर्ज कर उनका निराकरण किया जाए।

नगर निगम में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित

शहर की किसी बस्ती में जलभराव की स्थिति होने पर नगर निगम द्वारा बनाए गए बाढ़ नियंत्रण कक्ष पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। बाढ नियंत्रण कक्ष में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। प्रभारी सहायक यंत्री राजू गोयल मो. 9406915804 प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, प्र. सहायक यंत्री वेद प्रकाश निरंजन मो. 7693800318 दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक एवं कर संग्रहक चिम्मल कटारे मो. 6266493480 रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बाढ़ नियंत्रण कक्ष में उपलब्ध रहेंगे। साथ ही अधिकारी-कर्मचारी प्रति दिवस जल भराव, आपदा से संबंधित आने वाली शिकायतों को विधिवत रजिस्टर पर अंकित करेंगे एवं अंकित शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारी को प्रेषित करेंगे। इस प्रकार बाढ़ नियंत्रण कक्ष में प्राप्त समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top