HEADLINES

पैरालंपियन शीतल देवी के बाद अब राकेश कुमार बने चुनाव आयोग के राष्ट्रीय आइकन

National Icon ECI Delhi

नई दिल्ली, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । पैरालंपिक तीरंदाजी चैंपियन शीतल देवी और राकेश कुमार दिव्यांग व्यक्तियों के लिए ईसीआई के राष्ट्रीय प्रतीक के रूप में देशभर के मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए एक साथ आए हैं। दोनों पेरिस पैरालंपिक खिलाड़ियों को आज निर्वाचन सदन में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार, चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधु उपस्थित रहे। इस दौरान आयोग ने प्रसिद्ध पैरालंपियन राकेश कुमार को दिव्यांगजनों के लिए ईसीआई राष्ट्रीय आइकन घोषित किया। वहीं शीतल देवी को इस वर्ष 16 मार्च को लोकसभा 2024 के आम चुनावों की घोषणा से ठीक पहले ईसीआई नेशनल आइकॉन घोषित किया गया था। शीतल देवी और उनके मिश्रित युगल टीम के साथी राकेश कुमार ने हाल ही में पेरिस ग्रीष्मकालीन पैरालंपिक 2024 में तीरंदाजी में कांस्य पदक जीता है।

इस अवसर पर आयोग ने सुलभ और समावेशी चुनावों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर की एक युवा भावी मतदाता के रूप में शीतल देवी युवाओं और दिव्यांगों दोनों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करती हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अपने खेल की तरह ही तीरंदाज शीतल देवी जम्मू-कश्मीर की चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए हमारे प्रयास में सहयोग करेंगी।

राकेश कुमार ने टोक्यो और पेरिस में पैरालंपिक स्पर्धाओं में तीरंदाजी में दो बार देश का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने 2023 विश्व तीरंदाजी पैरा चैम्पियनशिप में मिश्रित टीम स्पर्धा में और एशियाई पैरा खेलों 2022-23 में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने एशियाई पैरा खेलों 2022-23 में व्यक्तिगत और पुरुष टीम में रजत पदक भी जीता है।

—————

(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा

Most Popular

To Top