Madhya Pradesh

लक्ष्मण सिंह ने राहुल गांधी के अमेरिकी सांसद इल्हान उमर से मिलने पर जताई आपत्ति,  भाजपा ने भी घेरा

भोपाल, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका दौरे पर है। जहां मंगलवार काे उन्होंने अमेरिकी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इन सांसदों में अमेरिका की विवादित चेहरा और भारत विरोधी इल्हान उमर भी थी। दोनों के बीच मुलाकात और बातचीत की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हाेने के बाद भारतीय जनता पार्टी इसे लेकर हमलावर है। वहीं अब उन्ही की पार्टी के नेता आैर पूर्वसीएम दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने भी राहुल गांधी पर बड़ा हमला बाेला है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय के भाई लक्ष्मण सिंह हमेशा अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। एक बार फिर उनकी एक पोस्ट चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बार लक्ष्मण सिंह ने राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर सवाल उठाए है। लक्ष्मण ने बुधवार काे अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- लोकसभा में नेता विरोधी दल राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा विवादों में घिरती नजर आ रही है। उन्होंने भारत विरोधी अमेरिकी सांसद इल्हान उमर से भी मुलाकात की है। बस करो नेताजी बहुत हो गया!!

भाजपा हुई हमलावर

लक्ष्मण सिंह के ट्वीट पर बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी की भारत विरोधी और भारत को बदनाम करने वाली यात्रा पर अब तो कांग्रेसी ही सवाल उठा रहे हैं और विशेषकर जब दिग्विजय सिंह के भाई सवाल उठाएं तो सवाल लाजमी है कि दिग्विजय इस पर क्या सोचते हैं। देश को बदनाम करने का षडयंत्र और विदेशी मंचों पर देश में आ रहे निवेश को भ्रमित करने का जो कांग्रेस का प्रयास है उसका चौतरफा विरोध हो रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top