HimachalPradesh

संजौली मस्जिद विवाद : पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प, दो पुलिस कर्मी घायल, प्रदर्शनकारी भी हुए चोटिल

प्रदर्शन के दौरान चोटिल हुई महिला पुलिस कर्मी

शिमला, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । शिमला के संजौली में मस्जिद विवाद मामले में प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर संजौली बाजार में उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां से विवादित मस्जिद महज 100-150 मीटर के फासले पर है। ढली टनल में भारी तादाद में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा की गई बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। वहीं संजौली चौक की तरफ भी प्रदर्शनकारी जमा हो गए हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प हुई और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुए टकराव में दो पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। इनमें महिला व पुरुष कांस्टेबल शामिल हैं। महिला पुलिस कर्मी को पैर में गम्भीर चोट लगी है और उन्हें एम्बुलेंस के जरिये आईजीएमसी ले जाया गया। एक पुरुष पुलिस कर्मी सिर पर पत्थर लगने से चोटिल हुआ है। इसके अलावा कुछ प्रदर्शनकारियों को भी चोटें लगी हैं। हालात बिगड़ते देख राज्य के डीजीपी अतुल वर्मा भी मौके पर पहुंचे और पुलिस बल को जरूरी निर्देश दिए।

शिमला के डीसी अनुपम कश्यप और एसपी संजीव गांधी भी मौके पर मौजूद हैं। प्रदेश की सभी छह बटालियन संजौली में मोर्चा संभाले हुए हैं। पिछले करीब दो घण्टे से प्रदर्शनकारी संजौली बाजार में डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के वाटर कैनन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रदर्शन के मद्देनजर स्कूली बच्चे छुट्टी के बाद रोके गए

संजौली में हो रहे प्रदर्शन से बने हालातों को देखते हुए आसपास के स्कूलों के बच्चे छुट्टी के बाद स्कूल परिसरों में रोके गए हैं। शिमला के लगभग सभी स्कूलों में 12 बजे से 3 बजे तक बच्चों की छुट्टी का समय रहता है। संजौली में प्रदर्शन उग्र हो रहा है। इस वजह से अभिभावकों को बच्चों की सताने लगी हैं। सुरक्षा कारणों से अधिकतर स्कूलों में बच्चे स्कूलों में ही रोके गए हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top