Haryana

हिसार : योगासन के खिलाड़ी 2026 में जापान में होने वाले एशियान खेलों में लेंगे हिस्सा

आम सभा के दौरान योग क्रिया करते बच्चे
आम सभा में उपस्थित अधिकारी व पदाधिकारी।

हाल ही में हुई बैठक में लिया गया निर्णय, योग प्रेमियों ने जताई खुशी

हिसार, 10 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) की 44वीं आमसभा में योगासन खेल को एशियाई खेलों में शामिल करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। यह निर्णय भारतीय खेल विशेषत: योगासन खिलाड़ियों के लिए गर्व का विषय है। हाल ही में हुई इस आमसभा में ओसीए के अधिकारियों और कई सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति हिसार के प्रवक्ता सुरेंद्र हिंदुस्तानी ने मंगलवार को बताया कि भारत सरकार और योगासन भारत ने इस निर्णय के लिए विशेष प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरुप योगासन को एक खेल के रूप में मान्यता दी गई और इसे एशियाई खेलों में स्थान मिला। आम सभा में भारत के राजा रणधीर सिंह को ओसीए के अध्यक्ष के रूप में चुना गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में जापान के नागोया में होने वाले एशियाई खेलों का कैलेंडर पूर्व में ही तैयार कर लिया गया है, इसलिए 2026 के एशियाई खेलों में योगासन को प्रदर्शन खेल के रूप में सम्मिलित किये जाने का निर्णय लिया गया। राजा रणधीर सिंह ने कहा कि अन्य खेलों में चोट लगने का खतरा रहता है, लेकिन योगासन खेल में ऐसा नहीं है। योगासन खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देता है, बल्कि मानसिक संतुलन को भी प्रोत्साहित करता है। इसे एशियाई खेलों में शामिल करना एशिया की प्राचीन विरासत को सम्मान देने का एक महत्वपूर्ण कदम है।

भारतीय ओलंपिक संघ ओसीए की अध्यक्ष पीटी उषा ने जून में ओसीए अध्यक्ष को योगासन को एशियाई खेलों में शामिल करने के लिए प्रस्ताव पत्र के माध्यम से भिजवा दिया था। इसके लिए योगासन खेल से जुड़े सभी अधिकारी, कर्मचारी विशेषकर खिलाड़ियों ने उनका आभार जताया है।भारत के खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि योग, जो भारत की सांस्कृतिक धरोहर है, अब योगासन के रूप में एशियाई खेलों का हिस्सा बनेगा। यह कदम योगासन को वैश्विक खेल के रूप में स्थापित करेगा। आमसभा में हरियाणा, गुजरात एवं महाराष्ट्र के योगासन खिलाड़ियों द्वारा योगासन खेल में सम्मिलित अलग-अलग इवेंट्स का अद्भुत प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर वर्ल्ड योगासन के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य, योगासन भारत के अध्यक्ष उदित सेठ, एशियान योगासन के अध्यक्ष डॉ. संजय मालपानी, महासचिव उमंग डॉन, कोषाध्यक्ष उमेश नारंग एवं योगासन भारत के कोषाध्यक्ष रचित कौशिक उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top