RAJASTHAN

द प्रिंस ऑफ़ मारवाड़ क्रॉस कंट्री दौड़ तीस सितंबर को, राष्ट्रीय एथलिट लेंगे हिस्सा

The Prince of Marwar Cross Country Race

जोधपुर, 09 सितम्बर (Udaipur Kiran) । जोधपुर के पूर्व राज घराने के शिवराज सिंह द्वारा संचालित राज मारवाड़ खेल महोत्सव के अन्तर्गत होने वाली द प्रिंस ऑफ़ मारवाड़ क्रॉस कंट्री दौड़ में इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर के धावकों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। यह दौड़ प्रति वर्ष तीस सितंबर को आयोजित की जाती है। इस वर्ष दूसरा संस्करण भी पूर्व निर्धारित स्थान उम्मेद भवन पैलेस प्रांगण में आयोजित होगा। यहां तीस सितंबर को सुबह आठ बजे क्रॉस कंट्री दौड़ रवाना की जाएगी जिसका समापन भी उम्मेद भवन पैलेस में ही किया जाएगा।

राज मारवाड़ खेल महोत्सव के सह संस्थापक राजेन्द्र कुमार गुर्जर ने बताया कि इस वर्ष इनामी राशि में बढ़ोतरी की गई है और चौथे से दसवें स्थान पर आने वाले धावकों को भी सांत्वना इनामी राशि प्रदान की जाएगी। प्रथम तीन धावकों को इनामी राशि के साथ राज शाही ट्रॉफीज और चौथे से दसवां स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को विशेष क्रॉस कंट्री स्मृति चिन्ह भेंट किए जाएंगे। यह आयोजन राज मारवाड़ खेल महोत्सव और जि़ला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान के अलावा अन्य संगठनों और पेशेवर संस्थानों के सह सहयोग से होगा। राज मारवाड़ खेल महोत्सव के उपाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि इस आयोजन हेतु जि़ला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष रज़ाक़ मोहम्मद और सचिव ओम पुरी रूपरेखा बना रहें है।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top