RAJASTHAN

भाजपा के महापर्व सदस्यता अभियान में ओबीसी मोर्चा भी लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में बढ़चढ़ कर करेगा योगदान: कृष्णा गौर

भाजपा के महापर्व सदस्यता अभियान में ओबीसी मोर्चा भी लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में बढ़चढ़ कर करेगा योगदान: कृष्णा गौर

जयपुर, 9 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्य प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने भाजपा के संगठन पर्व सदस्यता अभियान में मोर्चे के योगदान को लेकर प्रेसवार्ता की। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि भाजपा का ओबीसी मोर्चा सदस्यता अभियान में प्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में बढ़चढ़ कर योगदान देगा। ओबीसी मोर्चा प्रदेशभर में घर-घर जाकर भाजपा सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ भाजपा की रीति और नीति से अवगत कराते हुए लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाएंगा।

भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कृष्णा गौर ने ‘‘चलो चले ओबीसी के साथ, ओबीसी चले भाजपा के साथ‘‘ का नारा देते हुए कहा कि ओबीसी समाज भाजपा के साथ और भाजपा ओबीसी समाज के कल्याण के लिए सदैव तत्पर रही है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी ने ओबीसी समाज के साथ छलावा किया और आजादी के बाद से दशकों तक षडयंत्रपूर्वक ओबीसी समाज को मुख्यधारा से अलग करने का कार्य किया। काका कालेकर की रिपोर्ट या मंडल कमीशन की रिपोर्ट को दबाने का मामला हो या फिर आयोग को संवैधानिक मान्यता देने का मामला, कांग्रेस पार्टी ने सदैव ओबीसी वर्ग के साथ अन्याय किया। कांग्रेस की नीतियों के चलते ओबीसी समाज की स्थिति दयनीय हुई, लेकिन आज देश में ओबीसी समाज भाजपा की विचारधारा के साथ जुड़ रहा है। भाजपा बाबा साहब द्वारा निर्मित संविधान में निष्ठा रखती है और संविधान के अनुसार कार्य कर रही है।

इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान के सह संयोजक मोतीलाल मीणा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चंपालाल गेदर, मोर्चा में प्रदेश सह प्रभारी संजीव सोनी, मोर्चा के महामंत्री महेंद्र सिंह पंवार और भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ मंच पर उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top