Uttar Pradesh

सपनों को मिल रही उड़ान, अटल आवासीय विद्यालय की छात्रा जाएगी इसरो

अटल आवासीय विद्यालय की छात्रा श्वेता

वाराणसी,08 सितम्बर (Udaipur Kiran) । प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल आवासीय विद्यालय के जरिए बच्चों की उड़ान को पंख दिया है। इससे निराश्रित और गरीब परिवार के बच्चों के सपने भी अंतरिक्ष में उड़ान भरने लगे हैं। वाराणसी के करसड़ा स्थित अटल आवासीय विद्यालय की कक्षा 07 की छात्रा श्वेता सत्ते स्कूल की टॉपर है। श्वेता भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) जाएगी। छात्रा का चयन इसरो में जाकर वैज्ञानिकों से मिलकर ब्रह्मांड के रहस्यों को जानने के लिए किया गया है।

मई 2024 में 15 दिवसीय उत्कृष्ट अटल प्रोग्राम के कार्यशाला के माध्यम से इन बच्चों की प्रतिभा एवं कौशल को निखारने का प्रयास किया गया था। अटल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरनाथ राय ने बताया कि विद्यालय की टॉपर छात्रा श्वेता सत्ते का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) भ्रमण के लिए हुआ है। वे यहां वैज्ञानिकों से मिलेगी और अंतरिक्ष विज्ञान को समझेंगी।

उन्होंने बताया कि 4 मई से 18 मई 2024 तक 15 दिवसीय उत्कृष्ट अटल प्रोग्राम कार्यशाला के माध्यम से छात्रों को नई तकनीकों से जोड़ने के लिए अटल आवासीय विद्यालय की ओर से विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया था। इस दौरान स्पेस आर्ट और बेस्ट प्रोडक्ट डेवलपमेंट कंपटीशन भी कराया गया था। इसमें योग्यता के आधार पर छात्रा का चयन हुआ है। कार्यक्रम में छात्रों को अंतरिक्ष के रहस्यों और भारत के अंतरिक्ष उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी गई थी। उन्हें व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से आधुनिक तकनीकों से परिचय कराया गया था। छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ही तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए एकेडमिक एवं एक्टिविटी का आयोजन किया जा रहा है।

—सभी मंडलों में संचालित है अटल आवासीय विद्यालय

प्रदेश सरकार सभी मंडल मुख्यालयों में अटल आवासीय विद्यालय संचालित कर रही हैं। इस क्रम में वाराणसी के करसड़ा स्थित अटल आवासीय विद्यालय में निर्माण श्रमिकों, कोरोना कॉल में निराश्रित और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र बच्चे निशुल्क शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अटल आवासीय विद्यालय में छात्र -छात्राओं के रहने के लिए अलग-अलग छात्रावास बने हुए है। बोर्डिंग विद्यालय में पाठ्यक्रम सीबीएसई बोर्ड पर आधारित है। अटल आवासीय विद्यालय में कक्षाएं स्मार्ट क्लास है। सीसीटीवी,सोलर पैनल, कंप्यूटर लैब ,एस्ट्रोनॉमी लैब आरओ का स्वच्छ पेयजल ,खेल गतिविधियां, यूनिफार्म, किताब,नोटबुक भोजन आदि सभी विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ अमरनाथ राय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अटल आवासीय विद्यालय योजना मील का पत्थर साबित हो रही है। शिक्षा के क्षेत्र में निराश्रित और गरीब बच्चों के लिए यह अत्यंत महत्पूर्ण व बड़ी पहल है। ये विद्यालय मॉडल स्कूल के रूप में जाना जाएगा। यहां शिक्षा के साथ अच्छा नागरिक बनने के लिए मूल्यों,संस्कारों के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे विद्यार्थी दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकें।

—अंतरिक्ष वैज्ञानिक बनना चाहती हूँ

छात्रा श्वेता सत्ते इसरो जाने के लिए उत्साहित है। बताती है बड़े होकर अंतरिक्ष वैज्ञानिक बनना चाहती हूँ। सुनीता विलियम्स और कल्पना चावला की तरह अंतरिक्ष यात्री बनकर देश का नाम रोशन करना चाहती हूं।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top