Madhya Pradesh

रतलामः गणेश प्रतिमा जुलूस पर पथराव व थाना घेरने के मामले में 150 पर केस दर्ज, तीन गिरफ्तार

रतलामः गणेश प्रतिमा जुलूस पर पथराव व थाना घेरने के मामले में 150 पर केस दर्ज, तीन गिरफ्तार

रतलाम, 8 सितंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में शनिवार की रात गणेश प्रतिमा के जुलूस के दौरान स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के हाथीखाना रोड मोचीपुरा चौराहे पर हुई पथराव और थाना घेराव की घटना के बाद तनाव की स्थित बन गई थी। पुलिस ने तत्काल कड़ी कार्रवाई करते हुए स्थिति को कुछ ही देर में नियंत्रित कर लिया। मामले में पुलिस ने भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष आरोपित जलज सांखला सहित 13 नामजद आरोपितों के साथ करीब 150 लोगों पर प्रकरण दर्ज किया है। आरोपित लखन रजवानिया, काजल किन्नर व महेंद्र सोलंकी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रतलाम शहर में शनिवार की रात गणेश प्रतिमा के जुलूस में पथराव का आरोप लगाकर 500 से ज्यादा लोगों ने स्टेशन रोड थाने का घेराव कर दिया था। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम भी लगा दिया था। लोगों की मांग पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। एसपी राहुल कुमार लोढ़ा पुलिस बल के साथ जांच के लिए घटना स्थल मोचीपुरा पहुंचे। पीछे-पीछे भीड़ भी आ गई। एसपी ने लोगों से वहां से जाने के लिए कहा। इसी बीच पथराव शुरू हो गया। पुलिस की गाड़ी पर भी एक पत्थर लगा। गाड़ी का कांच फूट गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठी चार्ज किया। आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। रात करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुआ हंगामा-प्रदर्शन करीब 12 बजे खत्म हुआ।

एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने रविवार को बताया कि अभी तक की जांच में मूर्ति पर पत्थरबाजी की पुष्टि नहीं हुई है। एफआईआर दर्ज कराने वाले किन्नर गुरु काजल, लखन रजवानिया समेत तीन लोगों से इस बारे में पूछताछ की गई। ये लोग हर बार अलग-अलग लोकेशन बताते रहे। क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी फुटेज चेक कर लिए हैं। उसमें पत्थर फेंकने की घटना नहीं दिखी है। मूर्ति भी खंडित नहीं हुई है। आगे जांच में कोई सबूत मिलता है तो दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने रात में हंगामा-नारेबाजी करने के मामले में 13 नामजद समेत 150 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एफआईआर में लखन रजवानिया, किन्नर गुरु काजल, रवि शर्मा, महेंद्र सोलंकी, जलज सांखला, रवि सेन, विजय प्रजापति, नितेश, मुकेश बंजारा, मंथन भोंसले, अमन जैन, जयदीप गुर्जर और अजू बरगुंडा शामिल हैं। सभी पर भीड़ को उकसाने, इकट्‌ठा होकर हंगामा करने और गाड़ियों में तोड़फोड़ करने का आरोप है। जलज सांखला भाजयुमो का जिला उपाध्यक्ष है। इनमें से लखन रजवानिया, किन्नर गुरू काजल और महेंद्र सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि हंगामा मामले में जैनब बी पति रफीक शाह, जितेंद्र पिता हरिओम, इलियास पिता मो सलीम, शेख इमरान पिता मजहर कुरैशी, इरफान उल हक पिता एहसास उल हक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।

घटना शनिवार रात 8.30 बजे की है। इसके बाद रात 10.50 बजे लखन रजवानिया नाम के शख्स ने एफआईआर दर्ज कराई। इसमें कहा गया कि हम समिति के लोगों के साथ गणेश जी की स्थापना के लिए खेतलपुर से मूर्ति लेकर मेहंदीकुई बालाजी से हाथीखाना मोचीपुरा होते हुए जा रहे थे। जुलूस में महिलाएं, बच्चे भी साथ थे। जैसे ही हमारा जुलूस हाथीखाना रोड पर मोचीपुरा पहुंचा, तभी अंधेरे में किसी अज्ञात शख्स ने मूर्ति पर पत्थर फेंका। वह पत्थर मूर्ति के पास से होकर निकला। इससे मूर्ति क्षतिग्रस्त हो सकती थी। जिस ट्रैक्टर ट्रॉली पर मूर्ति ले जाई जा रही थी, उस पर किन्नर गुरु काजल, उसकी मां सरोजबाई रजवानिया, लखन रजवानिया और समिति के सदस्य बैठे थे। काजल ने समिति सदस्यों को बताया कि एक पत्थर मूर्ति के पास से होकर निकला। जुलूस में शामिल लोगों को इसका पता लगते ही वे आक्रोशित हो उठे।

विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री गौरव शर्मा ने कहा कि त्योहार आने के पहले ही इस तरह का षड्यंत्र रचा गया। मुस्लिम क्षेत्रों में 15-20 साल से जहां हिंदू समाज के कार्यक्रम होते आ रहे हैं, उन्हें रोकने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ओंकाला इलाके की प्रतिमा मोचीपुरा क्षेत्र से ले जाई जा रही थी, कुछ कट्‌टरपंथियों ने पत्थरबाजी की। पुलिस ने आश्वासन दिया है। प्रश्न यही है कि किसी न किसी ने तो पत्थर मारा है।

(Udaipur Kiran) जोशी

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top