Uttar Pradesh

भगवान श्रीकृष्ण हमारी संस्कृति के विलक्षण राष्ट्रनायक : आदित्य यादव

- अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं मेधा सम्मान समारोह में सम्मानित मेधावी छात्र-छात्राएं।

मुरादाबाद, 08 सितम्बर (Udaipur Kiran) । अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के तत्वावधान में रविवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं मेधा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बदायूं लोकसभा से समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने दीप प्रज्ज्वलन करके किया। समारोह में एसएनडी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत और रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि सपा सांसद आदित्य यादव ने विभिन्न बोर्ड, विश्वविद्यालय की प्रथम श्रेणी और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले यादव समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। विभिन्न क्षेत्रों और विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले और सेवानिवृत्त होने वाले समाज की विभूतियों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सांसद आदित्य यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण हमारी संस्कृति के एक अद्भुत एवं विलक्षण राष्ट्रनायक हैं। समाज एवं राष्ट्र व्यवस्था उनके लिये कर्त्तव्य थी, इसलिये कर्त्तव्य से कभी पलायन नहीं किया। धर्म उनकी आत्मनिष्ठा बना, इसलिये उसे कभी नकारा नहीं। वे प्रवृत्ति और निवृत्ति दोनों की संयोजना में सचेतन बने रहे। श्रीकृष्ण के आदर्शों से ही देश एवं दुनिया में शांति स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्र के उत्थान और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षित होना पहली आवश्यकता है। इसलिए हमें अपने बच्चों को उच्च शिक्षित करने विशेषकर वैज्ञानिक और तकनीकी ज्ञान देने पर जोर देना चाहिए।

जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन राजेश सिंह यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को निष्काम कर्मयोगी एवं दार्शनिक भी माना जाता है। भगवद्गीता में वर्णित उनका उपदेश जीवन जीने की कला का मार्गदर्शन करता है। उनका मानना था कि क्रियाशीलता जीवन है और निष्क्रियता साक्षात मृत्यु है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अवधेश यादव तथा संचालन जिलाध्यक्ष डॉ. सोमवीर सिंह यादव ने किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से पद्मश्री बाबूराम यादव, पूर्व विधायक विजय यादव, करन सिंह यादव, ब्लॉक प्रमुख डॉ. नवदीप यादव, विक्रम सिंह यादव, गजेन्द्र सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष दुर्गेश यादव, मीडिया प्रभारी/प्रवक्ता तुंगीश यादव, मुकेश यादव, तुंगीश यादव, महिला सभा की जिलाध्यक्ष मीना यादव, जयवीर सिंह यादव, शिव प्रताप सिंह यादव, हरज्ञान सिंह यादव, ववीश यादव, वीरेन्द्र यादव, डॉ. नवनीत यादव, डॉ. ब्रजपाल सिंह यादव, मनोज यादव, डॉ. चंद्रभान यादव, रामवीर यादव, राकेश यादव, अरविंद यादव, पवन यादव, कुशल यादव, रंजीत यादव, संजीव यादव आदि उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जयसवाल

Most Popular

To Top