Madhya Pradesh

संगठन पर्व में मध्यप्रदेश मॉडल बने इसकी चिंता एक-एक कार्यकर्ता को करनी होगी – अजय जामवाल

Ajay Jamwal

ग्वालियर/भोपाल, 7 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शनिवार को ग्वालियर में संभागीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश का सबसे बड़ी राजनैतिक दल है, जिसे इंडी गठबंधन कभी परास्त नहीं कर सकता है। भाजपा के सैनिकों में सभी को परास्त करने की ताकत है। संगठन पर्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अन्य राज्यों के लिए मध्यप्रदेश मॉडल बने इसके लिए जिलों को जो लक्ष्य दिया गया है, उसको पूरा करने का प्रयास करें। बूथों को जो लक्ष्य दिए गए हैं वह पहले सप्ताह में पूरा हो जाए, इसकी चिंता सबको करनी होगी। मुझे विश्वास है कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से मध्यप्रदेश सदस्यता का नया इतिहास रचेगा।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का संकल्प लेकर कार्यकर्ता मैदान में उतरें और लक्ष्य प्राप्त कर इतिहास बनाएं। इस समय देश-प्रदेश में वातावरण हमारे अनुकूल और उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि स्व. अटलजी ने कहा था कि भाजपा कोई दल नहीं है, एक विचार है, एक आंदोलन है। हमारा ध्येय राष्ट्र का निर्माण और जनकल्याण है। हम भारत माता के गौरव को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए काम करते हैं। हम एकात्म मानववाद के लिए संकल्पित और पंच निष्ठाओं के प्रति समर्पित हैं। जामवाल ने कहा कि देश में 1500 से अधिक राजनैतिक दल हैं, लेकिन भाजपा उन सभी से अलग है। इसलिए जब आप लोगों को सदस्य बनाने जाएं, तो उन्हें हमारा गौरवशाली इतिहास बताएं। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता संगठन पर्व को लेकर जुट जाएं और आपको जो लक्ष्य दिया गया है उसे पहले सप्ताह में ही पूरा करने का प्रयास करें। भाजपा का ही वह कार्यकर्ता है जो दिए गए किसी भी तरह के लक्ष्य को समय पर पूरा करता है। इसलिए आप अभी से कार्ययोजना बनाकर संगठन पर्व में पूरी सक्रियता के साथ जुट जाएं।

हर वर्ग को पार्टी की विचारधारा से जोड़ें

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि समाज में हर तरह के लोग रहते हैं, जिनकी समाज में बड़ी भूमिका रहती है। इसलिए पद्मश्री, पद्म विभूषण, पद्म भूषण, चिकित्सक एवं प्रोफेसर जैसे समाज के प्रतिष्ठित एवं प्रभावशाली लोगों और मलीन बस्तियों में भी पार्टी का सदस्य बनाकर पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करें। हमें सोशल मीडिया के माध्यम से सदस्यता अभियान का प्रचार प्रसार भी करना है। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश चतुर्वेदी एवं संभाग प्रभारी विजय दुबे मंचासीन थे। बैठक में प्रदेश मंत्री केशव भदौरिया सहित संभाग के जिलाध्यक्ष एवं जिला सदस्यता प्रभारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top