RAJASTHAN

गणपति महोत्सव का आगाज शनिवार से, आकर्षित करेगी हाथ से बनाई विशाल प्रतिमाएं

चित्तौड़गढ़ शहर में तैयार की जा रही भगवान गणपति की विशाल प्रतिमा।

चित्तौड़गढ़, 6 सितंबर (Udaipur Kiran) । चित्तौड़गढ़ में 10 दिवसीय गणपति महोत्सव का आगाज शनिवार से होगा। इसमें शहर के अलावा गांवों में कई स्थानो पर गणपति प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। साथ ही 10 दिवसीय डांडिया प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं आगामी 10 दिनों में घरों में भी गणपति की स्थापना करने के साथ विशेष पूजा अर्चना भी की जाएगी। चित्तौड़गढ़ शहर में विभिन्न स्थानों पर हाथों से बनाई विशाल प्रतिमाएं भी आकर्षण का केंद्र होगी।

श्री हजारेश्वर महादेव मंदिर के श्री महंत चंद्रभारती महाराज ने बताया कि भगवान श्री गणेश को समृद्धि, बुद्धि का देवता और बाधाओं को दूर करने वाला माना जाता है। उन्होंने बताया कि शनिवार को गणेश चतुर्थी है। इसी दिन 10 दिवसीय गणपति महोत्सव का शुभारंभ होगा। इन 10 दिनों में भगवान गणेश की विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। भगवान गणेश को सभी देवताओं में प्रथम पूजनीय माना गया है। उन्होंने बताया कि इन 10 दिनों में गणपति की मूर्ति के बाएं कंधे पर जनेऊ का पवित्र धागा बांध कर मूर्ति पर चंदन का तिलक लगा कर लाल रंग के फूल, दूर्वा घास और फूलों की माला से सजाए। प्रतिदिन मोदक का भोग लगाए, जिससे गणपति भगवान प्रसन्न होते हैं। सभी भक्तो की मनोकामनाएं भी पूर्ण होती है। वहीं गणपति महोत्सव के बारे में जानकारी देते हुए आचार्य श्रवण सामवेदी ने बताया कि शनिवार से दस दिवसीय गणपति महोत्सव का शुभारंभ हो रहा है। श्री हजारेश्वर महादेव मंदिर सहित कई अन्य स्थानों पर भी भगवान गणेश की मूर्तियों की स्थापना करने की तैयारियां पूर्ण क़र ली गई है। प्रतिदिन शाम को विशेष आरती के साथ डांडिया प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विशेष प्रसाद के लिए 11 हजार लड्डुओं का निर्माण जारी है l

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल

Most Popular

To Top