Haryana

कैथल: कलायत पहुंचे पंजाब के सीएम भगवंत मान, बदलाव जनसभा में बीजेपी की सरकार किया हमला

कलायत में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान

कैथल, 6 सितंबर (Udaipur Kiran) । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को कलायत में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा द्वारा आयोजित बदलाव जनसभा को संबोधित किया। मान ने कहा कि हरियाणा के लोग नई कहानी लिखने के लिए तैयार बैठे हैं।

उन्हाेंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार के मंत्रियों ने अपने रिश्तेदारों के अलावा जनता के बारे में नहीं सोचा। ‌रैली में आई माताएं बहनें जानती हैं कि आज चुल्हा जलाना कितना महंगा हो गया है। इनको नमक मिर्च से लेकर गैस सिलेंडर तक के दाम का पता है। यहां से नरवाना के बाद खनौरी शुरू हो जाता है। हरियाणा और पंजाब की समस्याएं साझी हैं। पंजाब के लोगों ने भी अकाली, भाजपा और कांग्रेस को बहुत मौके दिए और हरियाणा के लोगों ने भी इनको मौके दिए। हरियाणा के साथ भी वहीं हुआ जो पंजाब के साथ हुआ।

उन्होंने कहा कि हमारे पास, स्कूल और अस्पताल बनाने और बिजली व पानी मुफ्त देने का तजुर्बा है। दो साल में 43 हजार नौकरियां देने का तजुर्बा है, लेकिन हमारे पास लोगों को लूटने का तजुर्बा नहीं है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य पर जो काम किया उसकी दुनियाभर में धूम है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के एक तरफ दिल्ली और दूसरी तरफ पंजाब है, फोन करके पूछ लेना दोनों जगह 90 प्रतिशत घरों का बिजली बिल जीरो आ रहा है, शानदार अस्पताल बन रहें हैं जहां सबकुछ फ्री है। यदि दिल्ली और पंजाब में सुविधाएं मिल सकती हैं तो हरियाणा वाले बीच में क्यों फंसे हैं। देश को आजाद हुए 78 साल हो गए लेकिन आज तक गांवों की समस्याएं दूर नहीं हुई। युवा रोजगार मांगते हैं तो बीजेपी वाले आपके बच्चों को कह रहे हैं कि युक्रेन और रूस चले जाओ।

हरियाणा में जीत दर्ज करने पहुंची आम आदमी पार्टी: ढांडा

वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में भी विजयी पताका फहराने पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने पहले अलग अलग कारणों से वोट दी है। कभी जात पात के नाम पर तो कभी धर्म के नाम पर वोट देते हैं। कभी नेताओं के बच्चों को नेता बनाने के लिए वोट दे देते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधा कभी नहीं मिली। न अच्छे स्कूल, न बेहतर अस्पताल और न बिजली और पानी मिला। मुख्यमंत्री नायब सिंह कहते थे कि मैं करनाल से चुनाव लड़ूंगा। जो मुख्यमंत्री अपनी सीट तय नहीं कर सकता, वो हरियाणा के लोगों का भविष्य क्या बदलेगा।

(Udaipur Kiran) / नरेश कुमार भारद्वाज

Most Popular

To Top