CRIME

रिटायर्ड फौजी ने परिवार और पुलिस पर बरसाईं गोलियां, भाई-भाभी जोधपुर रेफर

आरोपी रिटायर्ड फौजी भंवर सिंह बिश्नोई।

नागाैर, 6 सितंबर (Udaipur Kiran) । शहर के शारदापुरम इलाके में प्लाट विवाद में रिटायर्ड फौजी ने छोटे भाई, दूसरे भाई की पत्नी और उसकी बेटी पर फायरिंग कर दी। तीनों घायल हो गए। इसके बाद 12 बोर की बंदूक लेकर घूमता रहा। घटना के साढ़े 4 घंटे बाद पुलिस पहुंची तो फौजी ने पुलिस जाप्ते पर भी फायरिंग कर डाली। पूरे घटनाक्रम में कुल आठ लोग घायल हो गए।

नागौर डीएसपी रामप्रताप विश्नाेई ने बताया कि प्लाट शारदापुरम में पास ही में है। इसी प्लाट और रुपयों के लेन-देन को लेकर भाइयों में विवाद चल रहा था। फौजी अक्सर भाइयों से गाली-गलौज करता था। रिटायर्ड फौजी 5 भाइयों में सबसे बड़ा है। भाई मूल रूप से कंवलीसर गांव (नागौर) के रहने वाले हैं। तीन भाई नागौर में और दो भाई कंवलीसर गांव में रहते हैं। शारदापुरम इलाके में रहने वाले रिटायर्ड फौजी भंवर सिंह बिश्नोई ने गुरुवार देर रात 12 बोर बंदूक से पड़ोस में रहने वाले भाई के घर पर गोलियों की बौछार कर दी। जिस घर में फायरिंग की गई उसमें उसके दो छोटे भाइयों का परिवार रहता है। आधी रात को गोलियों की आवाज सुनकर छोटे भाई की पत्नी गोमती ने घर का दरवाजा खोलना चाहा तो कुंदी के पास से गोली भेदते हुए गोमती के हाथ में जा लगी। गोमती को बचाने उसका देवर ओमप्रकाश आया तो उसके सिर में गोली लगी। एक छर्रा गोमती (40) की बेटी ममता (18) को भी लगा। तीनों लहूलुहान हो गए। भंवर सिंह शराब के नशे में था। वह वारदात के बाद बंदूक लेकर गली में टहलने लगा। गोलियों की आवाज सुनकर जो कोई भी बाहर निकला, उसने उसी पर फायरिंग कर दी। लोगों ने भागकर जान बचाई। देर रात लगभग 40 मिनट तक दहशत का माहौल रहा। सूचना पर पुलिस पहुंची तो वह भागकर घर में छुप गया। उस वक्त पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पुलिस को शक था कि कार्रवाई की कोशिश की गई तो आरोपी खुद को गोली मार सकता है। पुलिस मकान को घेरकर खड़ी रही। वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने इसे पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी ने अपने घर में घुसकर सभी खिड़की दरवाजे बंद कर लिए थे। इसके बाद मकान को घेरकर खड़ी रही। आरोपी को दबोचने के लिए कोतवाली, महिला पुलिस थाना, पुलिस लाइन के जवानों समेत करीब 40 पुलिसकर्मी पहुंचे थे।

सुबह 4.30 बजे जब पुलिस अंदर घुसने की कोशिश कर रही थी, तभी फौजी अचानक बंदूक लेकर बाहर आया और पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर डाली। पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। घायल पुलिसकर्मी ने बताया कि ऐसा लग रहा था जैसे फौजी के सिर पर खून सवार हो। फायरिंग मामले की जांच एडिशनल एसपी नूर मोहम्मद कर रहे हैं। फायरिंग में हैड कॉन्स्टेबल हनुमान राम (53), हैड कॉन्स्टेबल मदन गोपाल (45), कॉन्स्टेबल रिद्धकरण (36), कॉन्स्टेबल सतीश (32) और होमगार्ड ओमप्रकाश (29) गोलियां व छर्रे लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस ने ओमप्रकाश, गोमती और ममता को नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद ओमप्रकाश और गोमती को नागौर से जोधपुर रेफर कर दिया गया। ममता का इलाज नागौर जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं होमगार्ड समेत 5 पुलिसकर्मियों का इलाज भी नागौर के जेएलएन हॉस्पिटल में चल रहा है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी रिटायर्ड फौजी को राउंड अप कर लिया है। गुरुवार देर रात उसने शराब पीकर लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायरिंग की। ओमप्रकाश के पर्चा बयान पर कोतवाली थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह मामला दर्ज कर लिया है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Most Popular

To Top