Uttrakhand

नंदा देवी महोत्सव:स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

पत्रकार वार्ता में शामिल श्रीराम सेवक सभा के पदाधिकारी।

नैनीताल, 06 सितंबर (Udaipur Kiran) । आगामी 08 से 15 सितंबर तक प्रस्तावित 122 वें श्री नंदा देवी महोत्सव स्थानीय प्रतिभाओं,कलाकारों और उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा।

आयोजक संस्था श्रीराम सेवक सभा के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता की और महोत्सव के बारे में जरूरी जानकारियां दीं। बताया कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को मल्लीताल के साथ तल्लीताल में भी होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही महोत्सव के 11 से 15 सितंबर तक होने वाले सीधे प्रसारण में स्थानीय उत्पादों व स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से महोत्सव को यूनेस्को की विरासतों की सूची में स्थान दिलाने के लिये प्रयास किये जा रहे हैं। नगर पालिका से महोत्सव के लिये सभा को 11 लाख रुपये मिले हैं। पत्रकार वार्ता में सभा के अध्यक्ष मनोज साह,महासचिव जगदीश बवाड़ी,पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी,विमल चौधरी,देवेंद्र लाल साह,डॉ.ललित तिवारी,भुवन बिष्ट व अशोक साह आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह रहेगा नंदा देवी महोत्सव का कार्यक्रम

नंदा देवी महोत्सव 8 से 15 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में 8 सितंबर को दोपहर दो बजे से महोत्सव का उद्घाटन और कदली वृक्ष हेतु प्रस्थान, 9 को दोपहर दो बजे से कदली वृक्ष का सुखाताल में स्वागत और पूजन, 10 को 12 बजे से मूर्ति निर्माण, 11 को सुबह तीन बजे ब्रह्म मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा, पंच आरती, और देवी भोग होगा। आगे 12 को सुबह 6 बजे देवी पूजन, श्री दुर्गा सप्तशती पाठ, कन्या पूजन और डीएसए मैदान में महाभंडारा, 13 को सुबह 6 बजे देवी पूजन, भजन कार्यक्रम और शाम को 7 बजे दीपदान, 14 को सुबह 6 बजे देवी पूजन, सुंदरकांड, पंच आरती और देवी भोग तथा 15 सितंबर को सुबह 6 बजे देवी पूजन, दोपहर 12 बजे देवी भोग, 12 बजे नगर में शोभायात्रा और शाम 6.30 बजे ग्वेलज्यू मंदिर के समीप मूर्ति विसर्जन किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Most Popular

To Top