Uttrakhand

कांग्रेस स्पष्ट करे वो गौ हत्या करने वालों के साथ है या गौ रक्षकों के साथ : भाजपा

शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी पत्रकारों से बातचीत करते हुए।

देहरादून, 06 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पार्टी देवभूमि में गौहत्या करने वालों का साथ देने वाली कांग्रेस का पुरजोर विरोध करेगी। कांग्रेस अब यह स्पष्ट करे वे गौहत्या करने वालों के साथ या गौरक्षकों के साथ खड़ी है।

शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार और राज्य की धामी सरकार के ऐतिहासिक और शानदार कार्यों का लाभ हमें सदस्यता अभियान में मिल रहा है। डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों के कारण, पार्टी के पक्ष में जबरदस्त माहौल है। यही वजह है कि आम लोगों की उत्सुकता से सदस्यता अभियान तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि इनको राज्य के विकास, युवाओं के रोजगार और देवभूमि की पहचान से कोई लेना देना नहीं। अपने केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों पर ये सब सनातन विरोधी, हिंदू विरोधी और देवभूमि के स्वरूप को खराब करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। उन्होंने हरिद्वार प्रकरण पर कहा कि एक ऐसे व्यक्ति के साथ हुए घटनाक्रम में कांग्रेस के तमाम बड़े से बड़े नेता एकसाथ खड़े नजर आ रहे हैं जो गौकशी की घटनाओं में लिप्त रहे हों। संबंधित व्यक्ति के गोकशी से संबंधित अनेको वीडियो और तस्वीरें सार्वजनिक हैं, लेकिन तुष्टीकरण के चलते कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं में उसके समर्थन की होड़ लगी है।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अपना पक्ष स्पष्ट करने की चुनौती दी कि वे गौ हत्या करने वालों के साथ हैं या गौमाता की पूजा करने वालों के साथ हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि गौ हत्यारों का साथ देने वाले लोगों से राज्य के विकास और देवभूमि का भला करने की उम्मीद कभी नहीं की जा सकती है। भाजपा, कांग्रेस को उनके ऐसे सनातन विरोधी कृत्यों पर बेनकाब करने का काम करती रहेगी।

सुरेश जोशी ने आगे कहा कि मानसून समाप्त होते ही सभी सड़कें, पेयजल योजनाएं, स्कूल आदि तमाम व्यवस्थाएं तत्काल दुरस्त होती नजर आएंगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी विभागों की ओर से कार्ययोजनाएं अभी से तैयार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ में मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व और तमाम ऐजेंसियों के प्रयासों से हम हजारों लोगों को सुरक्षित निकलने में सफल हुए हैं। आगे भविष्य में यात्रा को अधिक सुरक्षित करने के लिए सरकार वहां नया रास्ता भी खोज रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने मंत्री गणेश जोशी के सवाल पर कहा कि आरोप और आरोपित होने में अंतर होता है। अभी उनपर सिर्फ आरोप लगे हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।

केदारनाथ सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर उन्होंने सर्वकालिक रिकॉर्ड मतों से जीतने का दावा किया। साथ ही बताया कि संगठन ने वहां पर बूथ एवं शक्ति केंद्रों तक की योजना बनाकर, उसपर काम करना शुरू कर दिया है। पार्टी केंद्र की मोदी सरकार एवं राज्य की धामी सरकार के ऐतिहासिक एवं साहसिक कार्यों के बल पर इन चुनाव में घर-घर पहुंच रही है। प्र

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, संजीव वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता सुनीता विद्यार्थी बौड़ाई, कमलेश रमन, लक्ष्मी अग्रवाल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Most Popular

To Top