Uttrakhand

ईज ऑफ डूइंग में उत्तराखंड को मिला पुरस्कार, मुख्यमंत्री बोले- निवेश को प्रेरित करेगा

कैबिनेट मंत्री, सुबोध उनियाल और सचिव उद्योग,विनय शंकर पाण्डेय गुरूवार को यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री,पीयूष गोयल से पुरुस्कार लेते।

देहरादून, 05 सितंबर (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड को ईज ऑफ डूईंग कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित एकल खिड़की व्यवस्था के तहत शीर्ष उपलब्धि हासिल करने वाले श्रेणी का पुरस्कार मिला है। राज्य को यह पुरस्कार वर्ष 2022-23 के लिये इस क्षेत्र में की गई पहल के लिए प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने पुरस्कार प्राप्त होने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में उद्यमियों को निवेश के लिये प्रेरित करेगा।

गुरुवार को यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में सभी प्रदेशों के उद्योग मंत्रियों के साथ आयोजित उद्योग समागम कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री, पीयूष गोयल की ओर से यह पुरस्कार प्रदान किये गये। राज्य की ओर से मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में कैबिनेट मंत्री, सुबोध उनियाल और सचिव उद्योग, विनय शंकर पाण्डेय की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया गया।

राज्य में ईज ऑफ डूइंग कार्यक्रम के अंतर्गत निवेशकों के सम्मुख आने वाली विभिन्न समस्याओं की पहचान की जाती है। समस्याओं की पहचान कर उनके निराकरण के लिए अनुकूल नीतियां तैयार की जाती हैं। नीतियों के क्रियान्वयन और निवेशकों को समस्त प्रकार की स्वीकृतियां/अनापत्तियां ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए www-investuttarakhand-uk-gov-in के नाम से पोर्टल तैयार किया गया है। पोर्टल पर उद्यम स्थापना से संबंधित सभी जानकारियां, विधिक अनापत्तियों/स्वीकृतियों की उद्योगवार सूचना उपलब्ध है। एकल खिड़की अधिनियम के अंतर्गत निवेशकों को उद्योग स्थापना और संचालन से संबंधित स्वीकृतियां/अनापत्तियां निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत उपलब्ध करायी जाती हैं।

भारत सरकार की ओर से विकसित नेशनल सिंगल विण्डो सिस्टम के साथ इण्टीग्रेशन करने वाला उत्तराखंड प्रथम राज्य रहा है। पोर्टल पर उपलब्ध सूचनाओं, एकल खिड़की अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित विधिक समय-सीमा, अन्य विभागों के साथ इण्टीग्रेशन, नेशनल सिंगल विण्डो के साथ इण्टीग्रेशन, शिकायतों का ऑनलाइन निस्तारण व समर्पित हेल्पलाइन विशिष्टताओं के दृष्टिगत यह पुरस्कार प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने इस पुरस्कार को राज्य में उद्यमियों को निवेश के लिये प्रेरित करने वाला बताया है। राज्य में उद्यमियों और निवेश अनुकूल नीतियों के कारण बड़ी संख्या में उद्यमी राज्य में निवेश के प्रति आकर्षित हुए हैं।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Most Popular

To Top