Bihar

यौन हिंसा के खिलाफ जन जागरण शक्ति संगठन का आजादी रैली मार्च

अररिया फोटो:मार्च शामिल सामाजिक कार्यकर्ता

अररिया 05 सितंबर (Udaipur Kiran) ।

कोलकाता,मुजफ्फरपुर में हुए बलात्कार सहित महिलाओं और ट्रांसजेंडर के साथ हो रहे हिंसा के खिलाफ जन जागरण शक्ति संगठन के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार शाम को शहर में आजादी रैली मार्च किया। रैली चंद्रा चौक से निकलकर आश्रम मोहल्ला,नगर थाना होते हुए चांदनी चौक पर एक प्रतिरोध सभा में तब्दील हो गई।

सभा को संबोधित करते हुए जन जागरण शक्ति संगठन के तन्मय ने कहा कि महिलाएं देश की आबादी का आधा हिस्सा है। इसलिए पुरुषों के समान महिलाओं का भी समान अधिकार है।इसलिए उन्हें भी आजाद भारत में आजादी के साथ जीने का हक है।लेकिन महिलाओं के साथ साथ ट्रांसजेंडर के साथ यौन शोषण का मामला दिन-बदीन बढ़ता जा रहा है।सरकारी आंकड़े बताते हैं कि हर साल देश में 31 हजार बलात्कार के मामले दर्ज होते हैं। कई बार तो अपराध की रिपोर्ट न तो दर्ज होती है और न सही जांच ही होती। सिर्फ 28 फीसदी मामलों में दोषी को कानूनन सजा मिलती है।

मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार ने कहा कि कोलकाता की डॉक्टर का मुद्दा उठाना उतना ही जरूरी है जितना कि सैकड़ों दलित, आदिवासी और मुस्लिम महिलाओं का। गरीब घरों की महिलाओं का, जो हर दिन पीड़ित हो रही हैं, जिनके बारे में कहीं चर्चा भी नहीं होती। इंसाफ के लिए अभी भी इंतज़ार है, चाहे वह मुजफ्फरपुर का कांड हो या हाथरस, उन्नाव, कठुआ, बिलकिस बानो या महिला पहलवानों का मामला हो। कार्यक्रम में जन जागरण शक्ति संगठन के दीपक, सुलोचना, साक्षी, नेहा, गोमती, टोनी, बिजली, हाजरा, उषा, नंदिनी, प्रीति आदि शामिल थे।

(Udaipur Kiran) / राहुल कुमार ठाकुर

Most Popular

To Top