Haryana

सोनीपत: आंखों में आंसू, दिल में दर्द लिए कविता जैन बोलीं…38 वर्षों की सेवा की अनदेखी

5 Snp-     सोनीपत: पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन         कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए।

सोनीपत, 5 सितंबर (Udaipur Kiran) । विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर पूर्व कैबिनेट

मंत्री कविता जैन का दर्द आंखों के आंसुओं के साथ झलकता दिखाई दिया। उन्होंने पहली बार

प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने और उनके पति राजीव जैन ने सोनीपत की जनता की

सेवा के लिए 38 साल दिए हैं। संगठन को मजबूत करने के लिए दिनरात मेहनत की, लेकिन उनके

योगदान की अनदेखी से इलाके के लोगों में गुस्सा है।

कविता जैन ने गुरुवार काे कहा कि आगामी 8 सितंबर को सोनीपत के कार्यकर्ता

और जनता उनके अगले राजनीतिक कदम का निर्णय लेंगे, जिसे वह सिर-माथे पर रखकर निभाएंगी।

गुरुवार को पुरखास अड्डा स्थित कार्यालय में सैंकड़ों कार्यकर्ता और सामाजिक संगठन

इकट्ठा हुए और टिकट न मिलने पर नाराजगी व्यक्त की।

कविता जैन ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने और उनके

पति ने भाजपा के अनुशासित सिपाही के तौर पर संगठन को मजबूत करने के लिए अपने पारिवारिक

जिम्मेदारियों को दरकिनार किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति से उन्हें संदेश

मिला था कि उनकी टिकट पक्की है, लेकिन अचानक ऐसा क्या हुआ कि उन्हें नजरअंदाज किया

गया। कविता जैन ने कहा कि 2009 से लगातार दो बार चुनाव जीतकर जनता की सेवा की और

2019 में हार को भी आशीर्वाद समझा। कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जरूरतमंदों को

ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और बेड उपलब्ध कराए।

बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि वह

8 सितंबर को कार्यकर्ताओं और जनता की बैठक बुलाएंगे। उसी दिन जनता जो भी निर्णय लेगी,

वे उसे स्वीकार करेंगे। इस बैठक में शहर के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के

प्रधान एवं पदाधिकारी, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केन्द्र प्रमुख,

बूथ अध्यक्ष मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) परवाना

Most Popular

To Top