Uttar Pradesh

सदस्यता अभियान को लेकर बैठक आयोजित, प्रत्येक को मिला 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य

सदस्यता अभियान को लेकर बैठक आयोजित, प्रत्येक को मिला 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य
सदस्यता अभियान को लेकर बैठक आयोजित, प्रत्येक को मिला 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य

जौनपुर,04 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान को लेकर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नए सदस्य बनाने के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सबको 200 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य भी दिया गया।

राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि देश की लगभग 1,500 छोटी-बड़ी पार्टियों में भाजपा इकलौती पार्टी है, जो संगठन के संविधान के अनुसार चलकर प्रजातांत्रिक मूल्यों को जीते हुए चल रही है। 18 करोड़ की सदस्यता होने के बावजूद पार्टी में हर छह वर्ष बाद सदस्यता का नवीनीकरण कराना होता है।

बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश सह मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को सदस्यता अभियान को संगठन के महापर्व के रूप में मनाना है। पार्टी ने लोगों को सदस्य बनाने के लिए चार तरह की व्यवस्थाएं की हैं। इसमें ऑनलाइन, नमो एप, क्यूआर कोड और फार्म भरकर सदस्य बनाया जा सकता है। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को अपने वार्ड से 200 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।

राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा संगठन है, जिसमें हरेक कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे जनहित एवं लोक कल्याणकारी कार्यों की बदौलत आज संगठन विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बना है।

विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि हमारी पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी तो है ही, अनूठी भी है। कोई राजनीतिक दल लोकतांत्रिक तरीके से विश्वास और सत्यतापूर्ण तरीके से हर छह वर्ष में सदस्यता अभियान नहीं करता है।

एमएलसी बृजेश सिंह ने कहा कि हमने हमेशा भारत माता की जय के नारे के साथ विरोधियों को ललकारा है। यह उत्साह हमें जीवंत संगठन से मिलता है। हमारा सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी होना चाहिए। हर स्थान, वर्ग, जाति व मजहब के लोगों को पार्टी में समाहित करना है।

जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान प्रारंभ हो चुका है। पहले चरण का अभियान 2 सितंबर से 25 सितंबर और दूसरे चरण का अभियान एक अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। जनसंघ से लेकर भाजपा तक हमारे अभियान लगातार जारी हैं। लोग हमारी विचारधारा पर आरोप लगाते रहे पर हम आगे बढ़ते रहे। इसके साथ ही भाजपा ने सदस्यता के लिए टोल फ्री नंबर 8800002024 और बारकोड जारी कर दिया है। इस नंबर पर मिस कॉल कर कोई भी भाजपा का सदस्य बन सकता है।

कार्यक्रम का संचालन सुशील मिश्र ने किया ।

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Most Popular

To Top