Uttar Pradesh

संस्कार भारती की कुशीनगर इकाई ने शुरू की बाल गोकुलम की तैयारियां

संस्कार भारती

कुशीनगर, 4 सितंबर (Udaipur Kiran) । सांस्कृतिक महत्व की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती आठ सितंबर को नगर के श्रीराम जानकी मठ परिसर में बाल गोकुलम कार्यक्रम का आयोजन करेगी। यह कार्यक्रम श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष किया जाता है। बुधवार को संस्था के कैंप कार्यालय पर बैठक कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी बांटी गई। जिलाध्यक्ष डाॅ. अनिल कुमार सिन्हा ने बाल गोकुलम कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि संस्कार भारती के छह प्रमुख उत्सवों में एक बड़ा उत्सव बाल गोकुलम है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में श्रीकृष्ण के बाल रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुति की झलक मंच पर देखने को मिलती है। भव्य एवं आर्कषक कार्यक्रम के लिए विद्यालयों एवं नागरिकों से संपर्क किया गया है। बाल गोकुलम में शिशु वर्ग एक से चार वर्ष व तरुण वर्ग चार से दस वर्ष के बच्चे भाग लेंगे। बच्चों की प्रस्तुति अलग-अलग समूह में होगी। निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान के लिए प्रतिभागियों का चयन होगा और उन्हें विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। शेष प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। बच्चों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत होंगे। संस्था संरक्षक पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि संस्था भारतीय संस्कृति के विविध आयामों को संजोने का कार्य करती है। संस्कृति, लोक परम्पराओं को मिल जुलकर जीवन्त रखने के साथ आगे बढ़ाना होगा तभी भारत को हम विश्व गुरु बनवा पाएंगे। गोरक्ष प्रान्त के संरक्षक डाॅ. शरद मणि त्रिपाठी ने कहा कि कुशीनगर इकाई सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही है और प्रांत में प्रथम स्थान पर है। संरक्षक पूर्व जिला जज संतोष कुमार श्रीवास्तव ने आयोजन को लेकर विशेष सुझाव दिया। बैठक में आलोक कुमार श्रीवास्तव, अशोक जैन, अशोक कुमार, उमेश चन्द्र गुप्त उर्फ कुन्नू, वन्दना मद्धेशिया, प्रदीप कुमार राय, वीरेश राय, सुरेश गुप्ता, सभासद राजेश मद्धेशिया, अरुण कुमार राय, डाॅ. डीएन त्रिपाठी आदि को जिम्मेदारी दी गई।

(Udaipur Kiran) / गोपाल गुप्ता

Most Popular

To Top