Haryana

हिसार : बीटेक कोर्सिज में दाखिला लेने वाले नए विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम

कार्यक्रम के विषय विशेषज्ञों को सम्मानित करते आयोजक।

हिसार, 4 सितंबर (Udaipur Kiran) । गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संकाय के सौजन्य से विश्वविद्यालय के बीटेक कोर्सिज में दाखिला लेने वाले नए विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम जारी है। इसमें विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों को विभिन्न सत्रों में व्याख्यान दे रहे हैं। इस कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. अंजन कुमार बराल व उप समन्वयक डा. संजीव माथुर हैं। इस अवसर पर डा. विकास जांगड़ा व डा. विनीता माथुर उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय के डा. बीआर अम्बेडकर पुस्तकालय के उप पुस्तकालयाध्यक्ष डा. नरेन्द्र चौहान ने बुधवार को अपने व्याख्यान में विद्यार्थियों को तनाव मुक्त रहने के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि बुद्धि व ज्ञान में क्या अंतर होता है। साथ ही उन्होंने गुरु की महत्ता व अध्यात्म के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 5000 से ज्यादा जर्नल्स व डा. एपीजे अब्दुल कलाम के अभिभाषण उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध ई-पाठशाला, वर्चुअल लैब तथा वीडियो लैक्चर तथा नोट्स के बारे में बताया।उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं पोर्टल तथा एनपीटीईएल ऑनलाइन कोर्सिज के बारे में भी बताया और कहा कि विद्यार्थियों को पुस्तकालय की ढांचागत व अन्य सुविधाओं तथा पुस्तकालय की समय सारिणी के बारे में बताया।

हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस की प्रो. सुनीता रानी ने सबसे पहले ‘प्रिविलेज वॉक’ शीर्षक पर विद्यार्थियों के लिए एक गतिविधि का संचालन किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रांगण पहले से ही सुंदर हैं। इसकी सुंदरता बनाए रखना हम सब की जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने कहा कि नव आगंतुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय प्रांगण की सुंदरता एवं स्वच्छता बनाए रखें।

कर्नल सेवानिवृत बीर सिंह सिहाग ने कहा कि हमें अपनी पुरानी संस्कृति को भूलना नहीं चाहिए, बल्कि उसका अध्ययन करके तथा उसके अनुसार आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। आप कोई भी कार्य करें, सबसे पहले एक लक्ष्य निर्धारित करें। उसके बाद कड़ी मेहनत करें तथा उस लक्ष्य पर अडिग रहें। एनसीसी के समन्वयक प्रो. राजीव कुमार ने ‘यूनिटी एंड डिसिप्लिन बाय एडवेंचर, पैशन एंड प्रोफेशन’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पांच गांवों में चल रही विभिन्न शिविरों एवं गतिविधियों के बारे में बताया। विश्वविद्यालय में संचालित माउंटेनियरिंग एडवेंचर क्लब में भी विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।

कार्यक्रम समन्वयक प्रो. अंजन कुमार बराल ने अपने स्वागत संबोधन में बताया कि समय का प्रबंधन हम सबके लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें अपने परिवार के सदस्यों को भी समय देना चाहिए। कार्यक्रम के उप समन्वयक प्रो. संजीव माथुर ने कार्यक्रम का संचालन किया।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top