Madhya Pradesh

मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पिताजी के अवसान पर राजनेताओं ने व्यक्त की शोक संवेदनाएं

मप्रः राज्यपाल पटेल समेत मंत्रिगणों ने मुख्यमंत्री के पिता पूनम चंद यादव के निधन पर व्यक्त किया शोक

– केंद्रीय मंत्री, प्रदेश के मंत्रिगण, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में उज्जैनवासी अंतिम यात्रा में हुए शामिल

भोपाल, 4 सितंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिताजी सेठ पूनमचंद यादव के अवसान से राजनैतिक, प्रशासनिक और आमजन में शोक व्याप्त है। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय संचार तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, सांसद वीडी शर्मा, विभिन्न राजनैतिक दलों के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया पर तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। सोशल मीडिया पर शोक संवेदनाओं का क्रम जारी है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के पिताजी सेठ पूनमचंद यादव का मंगलवार देर शाम 100 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। बुधवार को उज्जैन में उनके निज निवास से उनकी अंतिम यात्रा निकली, जिसमें जनप्रतिनिधि-अधिकारी शामिल हुए और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। वहीं, सोशल मीडिया के माध्यम से भी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में गहरी संदेवनाएं व्यक्त करते हुए प्रभु से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस दु:ख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर जारी संदेश में लिखा है कि सिर से पिता का साया उठ जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। दुःख की इस विकट घड़ी में मेरी संवेदना शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। पूज्य पिताजी भले ही भौतिक रूप से साथ नहीं हैं, किंतु उनके आशीर्वाद की छांव सदैव रहेगी। बाबा महाकाल दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तथा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पिताजी सेठ पूनमचंद यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचऱणों में स्थान देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, लोकसभा सदस्य जगदम्बिका पाल ने भी सोशल मीडिया शोक संवेदना व्यक्त की।

केन्द्रीय मंत्री चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद वी.डी. शर्मा, नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं उज्जैन के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, मंत्री राव उदयप्रताप सिंह, कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव एस.एन. मिश्रा, प्रमुख सचिव संजय शुक्ला, प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह, आयुक्त जनसंपर्क सुदाम खाड़े, डी.जी पुलिस सुधीर कुमार सक्सेना सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, अधिकारियों तथा उज्जैनवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के उज्जैन स्थित निवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top